मुजफ्फरपुर में 33 केवी लाइन में फाल्ट, मिस्काट और मिठनपुरा समेत दर्जनों मोहल्ले अंधेरे में डूबे
Muzaffarpur Power Crisis Miskot: मुजफ्फरपुर में शनिवार शाम 33 केवी हाईटेंशन लाइन में कई फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप ...और पढ़ें

हाईटेंशन लाइन में मल्टीपल फाल्ट होने की वजह से मरम्मत कार्य में भारी कठिनाई।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Electricity Power Cut: शहर में शनिवार की शाम बिजली आपूर्ति व्यवस्था अचानक पूरी तरह चरमरा गई। द्वारिकानगर बीएमपी-6 उपकेंद्र को जाने वाली मुख्य 33 केवी हाईटेंशन लाइन में कई स्थानों पर एक साथ फाल्ट आ गया।
इस तकनीकी खराबी के चलते शहर के एक बड़े हिस्से में अचानक पावर कट हो गया और मिस्काट तथा मिठनपुरा समेत करीब आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले अंधेरे में डूब गए।
एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित
अचानक गुल हुई बिजली के कारण उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली संकट लंबा खिंचने की वजह से देर रात होते-होते अधिकांश घरों के इनवर्टर भी पूरी तरह डिस्चार्ज हो गए।
इस बिजली कटौती से मिस्काट, बावनबीघा, बीएमपी-6, बेला, जिला स्कूल क्षेत्र, मिठनपुरा, रामबागचौरी, खादी भंडार, केदारनाथ रोड, अखाड़ाघाट, बालू घाट और सिकंदरपुर की करीब एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित रही।
मरम्मत कार्य में जुटी रहीं टीमें
देर रात तक बिजली विभाग की पेट्रोलिंग और मेंटेनेंस टीमें फाल्ट को तलाशने और उसे दुरुस्त करने में जुटी रहीं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में मल्टीपल फाल्ट होने की वजह से मरम्मत कार्य में भारी कठिनाई आ रही है। आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
