'गुम मोबाइल वापस मिलेगा यकीन नहीं था', मुजफ्फरपुर में फोन पाकर 120 लोगों के खिले चेहरे
Police Helpline Update: मुजफ्फरपुर पुलिस के 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत 120 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके ...और पढ़ें

गुम मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिले।
संदीप कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Police Operation Muskan: जब किसी व्यक्ति का मोबाइल चोरी या गुम होता है तो अमूमन लोग सिर्फ इस डर से पुलिस को सूचना देते हैं कि कोई आपराधिक तत्व उस नंबर का मिसयूज न कर ले।
लोगों को यह कतई उम्मीद नहीं रहती कि पुलिस उनका खोया हुआ फोन ढूंढकर वापस दिला सकती है। ऐसे में अचानक जब पुलिस थाने से फोन मिलने की सूचना आती है तो लोगों को एक अलग ही सुखद अहसास और सरप्राइज मिलता है। मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
ऑपरेशन मुस्कान की सफलता
मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 120 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जब लोगों को उनके खोए हुए फोन सौंपे गए तो उनके चेहरे पर भरोसा न होने वाली खुशी और हैरानी साफ झलक रही थी।
पुलिस द्वारा बरामद किए गए इन सभी 120 मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई जा रही है।
विशेष टीम का गठन
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुम और चोरी हुए मोबाइल की पहचान व बरामदगी के लिए दो फरवरी 2026 को विशेष मोबाइल बरामदगी इकाई का गठन किया गया था।
इस टीम ने अब तक सात चरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 865 मोबाइल बरामद कर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है।
पुलिस द्वारा अब तक बरामद किए गए इन तमाम मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ 55 लाख रुपये है।
उत्कृष्ट कार्य पर पुरस्कार
तकनीकी सहायता से लोगों की उम्मीदों को हकीकत में बदलने वाली इस मोबाइल बरामदगी टीम के अधिकारियों और कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि डिवाइस गुम होने पर घबराने के बजाय गूगल फॉर्म, क्यूआर कोड या पुलिस नियंत्रण कक्ष के वाट्सएप नंबर 9431896700 पर तुरंत जानकारी दें।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन मुस्कान’: उत्तर बिहार में 2955 मोबाइल बरामद, समस्तीपुर में रिकॉर्ड सफलता, 4.67 करोड़ के फोन लौटे
