त्योहार में घर आए हैं तो न गंवाएं मौका, मुजफ्फरपुर पुलिस के विशेष कैंप में कराएं पासपोर्ट वेरिफिकेशन
Passport Verification Camp Muzaffarpur:मुजफ्फरपुर पुलिस ने दीपावली और छठ पर घर आए प्रवासियों के लिए दो दिवसीय विशेष जन-सुनवाई शिविर का आयोजन किया है।

HighLights
प्रवासियों के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस का विशेष शिविर।
पासपोर्ट सत्यापन और अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान।
28 अक्टूबर और 5 नवंबर को आनंद भवन में आयोजन।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Police Special Jan Sunwai: दीपावली और छठ महापर्व पर अगर आप भी परदेस से अपने घर मुजफ्फरपुर लौटे हैं, तो यह खबर आपके बेहद काम की है।
अब आपको पासपोर्ट वेरिफिकेशन या अपनी अन्य पुलिस संबंधी समस्याओं के लिए अलग से छुट्टी लेकर मुजफ्फरपुर आने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी। छुट्टियों के इसी दौरान आपके कामों का त्वरित निपटारा करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील और अनूठी पहल की है।
दो दिन लगेगा विशेष जन-सुनवाई शिविर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर घर आए प्रवासियों के लिए जिला पुलिस की ओर से दो दिवसीय विशेष सहायता एवं जन-सुनवाई शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह विशेष शिविर पुलिस केंद्र स्थित आनंद भवन में आगामी 28 अक्टूबर और 5 नवंबर को आयोजित होगा। इस पहल का सीधा मकसद परदेस में रहकर काम करने वाले जिले के लोगों को दफ्तरों के चक्कर काटने और समय की बर्बादी से बचाना है।
होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान
इस विशेष जन-सुनवाई शिविर में मुख्य रूप से पासपोर्ट सत्यापन (Passport Verification), बंद पड़े घरों में चोरी, साइबर अपराध, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और अन्य स्थानीय शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाएगा।
प्रवासी बंधु चाहें तो शिविर में सीधे उपस्थित होकर अपनी समस्या रख सकते हैं या फिर त्वरित सहायता के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा जारी ऑनलाइन फॉर्म भरकर अपनी शिकायत पहले भी दर्ज करा सकते हैं।
प्रवासियों से पुलिस की खास अपील
मुजफ्फरपुर पुलिस ने जिले के सभी प्रवासी भाइयों से अपील की है कि यदि उनकी कोई समस्या, लंबित शिकायत या सुझाव है, तो वे निसंकोच इस शिविर का हिस्सा बनें।
इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति या 24 घंटे किसी भी सहायता के लिए स्थानीय थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष या डायल 112 पर संपर्क करने की सुविधा भी लगातार उपलब्ध है। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से त्योहारों में घर आए लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर प्रवासी बंधुओं के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा विशेष पुलिस सहायता एवं जन-सुनवाई शिविर का आयोजन। #BiharPolice #MuzaffarpurPolice #JanPolice #PoliceForYou #PublicGrievanceRedressal #PoliceAssistance #PublicService #Diwali2026 #ChhathMahaparv https://t.co/PS5ECueu3D
— Muzaffarpur Police (@MuzaffarpurPol3) October 25, 2026
