मुजफ्फरपुर में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, गायघाट और बेनीबाद से 1100 लीटर शराब जब्त
मुजफ्फरपुर में गायघाट और बेनीबाद थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस ...और पढ़ें

पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Liquor Seizure: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ गायघाट और बेनीबाद थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान एक उपचालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बरामद वाहनों के आधार पर पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का सुराग खंगाल रही है।
गायघाट थाना पुलिस ने मुजफ्फरपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर सतनाम पेट्रोल पंप के समीप गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने असम से मोतिहारी ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप एक ट्रक से बरामद की। शराब को ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रक के उपचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार उपचालक से पूछताछ कर पुलिस फरार चालक और गिरोह से जुड़े अन्य कारोबारियों की जानकारी जुटा रही है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई बेनीबाद थाना पुलिस ने महेश्वर दुर्गा मंदिर के समीप की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक पिकअप को घेरकर उसकी तलाशी ली। वाहन में करीब आठ लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब लदी हुई थी।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही कारोबारी पिकअप छोड़कर फरार हो गया। अब पुलिस वाहन के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक तथा स्थानीय शराब तस्करों की पहचान में जुटी है।
एसडीपीओ पूर्वी वन अलय वत्स ने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर करीब 1100 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और बरामद वाहनों के दस्तावेजों के जरिए पूरे तस्करी गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
