दीपावली और छठ पर मुजफ्फरपुर पुलिस की FREE बस सेवा, परदेसियों की नहीं लुटेगी गाढ़ी कमाई
Muzaffarpur Police Free Bus: मुजफ्फरपुर पुलिस ने दीपावली और छठ महापर्व के लिए निःशुल्क रात्रि बस सेवा शुरू की है। ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर पुलिस की बस से अपने गंतव्य के लिए रवाना होते परदेसी।
HighLights
मुजफ्फरपुर पुलिस ने दीपावली, छठ के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू की।
यह सेवा 6 से 17 नवंबर तक रात्रि में संचालित होगी।
यात्रियों को मनमाने किराए से बचाएगी और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Police Free Bus: दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले परदेसियों के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने बहुत बड़ी राहत का ऐलान किया है।
त्योहारों के इस सीजन में प्राइवेट बसों द्वारा मनमाना किराया वसूलकर यात्रियों की जेब पर डाका डालने के खेल के बीच पुलिस की यह पहल परदेसियों की गाढ़ी कमाई को बचाने का काम करेगी।
यात्रियों की इस बड़ी समस्या को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस ने त्योहारी सीजन में निःशुल्क रात्रि बस सेवा जारी रखने का निर्णय लिया है।
एसएसपी कार्यालय के निर्देशानुसार यह विशेष बस सेवा आगामी 6 नवंबर से 17 नवंबर तक लगातार संचालित की जाएगी।
दुर्गा पूजा में मिली थी सफलता
मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा यह जनहितकारी बस सेवा सबसे पहले दुर्गा पूजा के अवसर पर शुरू की गई थी। इसके तहत 14 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक बसें चलाई गई थीं।
इस अवधि के दौरान कुल 446 यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा का लाभ मिला था। त्योहारी भीड़भाड़ और महंगे किराए के बीच इस फ्री सेवा का लाभ उठाकर यात्रियों ने पुलिस का आभार जताया था।
सफर के दौरान सुरक्षा और सतर्कता
यात्रियों के सफर को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के साथ-साथ उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। यात्रा के दौरान सभी यात्रियों को यातायात नियमों, आपातकालीन सहायता और सतर्कता से जुड़े पंपलेट बांटे जाते हैं।
इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी विषम परिस्थिति में यात्री तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें और उनका सफर सुरक्षित हो सके।
6 से 17 नवंबर तक मिलेगी राहत
आमजन की कठिनाइयों और पर्व के महत्व को ध्यान में रखते हुए अब इस सेवा को दीपावली और छठ महापर्व तक के लिए विस्तारित किया गया है। यह बस सेवा 6 नवंबर से 17 नवंबर तक हर दिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पूर्ववत चलती रहेगी।
जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए कहा गया है कि मुजफ्फरपुर पुलिस नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और उनकी सहूलियत के लिए हमेशा तत्पर है।
यह भी पढ़ें- नीट छात्रों को फ्री बस सफर, इंजीनियरों की सीधी भर्ती और आयु सीमा में राहत... पंजाब कैबिनेट ने लिए कई बड़े फैसले
🚍 मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा संचालित निशुल्क रात्रि बस सेवा के तहत कुल- 446 यात्रियों को दी गई सुरक्षित यात्रा। आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता। मुजफ्फरपुर पुलिस - आपकी सेवा में सदैव तत्पर। https://t.co/GKn8kCO7KO
— Muzaffarpur Police (@MuzaffarpurPol3) October 23, 2026
दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों के अवसर पर मुजफ्फरपुर पुलिस की निःशुल्क रात्रि बस सेवा; सुरक्षित एवं सुविधा मिलने पर यात्रियों ने मुजफ्फरपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा... https://t.co/RTCUlyg0yI
— Muzaffarpur Police (@MuzaffarpurPol3) October 23, 2026
