विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा पर रेलवे की एनओसी का ग्रहण, फंसी 50 बसें

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:00 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का परिचालन बिजली कनेक्शन न मिलने के कारण रुका हुआ है। चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंचाने के लिए रेलवे की एनओसी का इंतजार है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में पीएम ई-बस सेवा का परिचालन रुका।

  2. चार्जिंग स्टेशन पर बिजली कनेक्शन के लिए रेलवे एनओसी आवश्यक।

  3. 50 इलेक्ट्रॉनिक बसों का आवंटन एनओसी के कारण अटका।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इलेक्ट्रानिक बसों के परिचालन शुरू होने में रेलवे रोड़ा बन गया है। इमलीचट्टी स्थित डिपो में चार्जिंग स्टेशन काफी पहले बन कर तैयार है। लेकिन, चार्जिंग स्टेशन तक बिजली नहीं पहुंची है। इसकी वजह से इलेक्ट्रानिक बसों के परिचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।

जानकारी के अनुसार रेलवे पटरियों व रेलवे फाटक की वजह से चार्जिंग स्टेशन तक बिजली नहीं पहुंच रही है। चार्जिंग स्टेशन तक बिजली पहुंचाने के लिए रेलवे ट्रैक के ऊपर से या नीचे से केबल ले जानी है।

इसके लिए रेलवे से एनओसी लेना अनिवार्य है। निगम ने इस संबंध में रेलवे प्रशासन को पत्र लिखा, मगर अब तक रेलवे की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल सका। रेलवे की एनओसी के बिना बिजली चार्जिंग स्टेशन तक नहीं पहु्ंच सकता।

इमलीचट्टी से 50 इलेक्ट्रानिक बसों का होना है परिचालन

पीएम ई-बस सेवा के तहत मुजफ्फरपुर से करीब 50 बसों का परिचालन कई जिलों के लिए होना है। बसो के चार्ज करने के लिए डीपो में चार्जिंग स्टेशन बनाए गए है।

चार्जिंग स्टेशन शुरू नहीं होने की वजह से मुख्यालय की ओर से इलेक्ट्रानिक बसों का आवंटन नहीं हो रहा है। मुजफ्फरपुर के साथ-साथ पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया में भी डिपो बन रहे हैं।

मुजफ्फरपुर में इन रूटों पर परिचालन की उम्मीद

बसों का परिचालन शुरू होने से कई रुटों पर बसों की संख्या बढ़ जाती। इससे यात्रियों को सुविधा होती। जानकारी के अनुसार निगम ने रुट एवं संख्या भी तय की ली, मगर बिजली कनेक्शन नहीं होने एवं बसों के आवंटन नहीं होने से परिचालन शुरू नहीं हो सका।

  • मुजफ्फरपुर-पटना रूट में चार
  • मुजफ्फरपुर-शिवहर रूट में सात
  • मुजफ्फरपुर-औराई-उमरी रूट में आठ
  • मुजफ्फरपुर-साहेबगंज-केसरिया रूट में छह
  • मुजफ्फरपुर-दरभंगा रूट में पांच
  • मुजफ्फरपुर-फतेहपुर रूट में एक
  • मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रूट में छह
  • मुजफ्फरपुर-महुआगाढ़ी-पुपरी रूट में तीन
  • मुजफ्फरपुर-जजुआर-पहसौल रूट में दो
  • मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रूट में चार
  • मुजफ्फरपुर-कटरा-चामुंडा स्थान रूट में चार

‘इलेक्ट्रानिक बसों के चार्जिंग के लिए चार्जिंग प्वाइंट बन कर तैयार है। बिजली कनेक्शन के लिए रेलवे का एनओसी जरुरी है। रेलवे प्रशासन को पत्र लिखा गया है। जवाब आने व बिजली कनेक्शन के बाद ही बसों का परिचालन होगा।’
विवेकानंद मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम