विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोरोना काल में बंद ट्रेनें जल्द शुरू होंगी, बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत

Published: Sun, 24 May 2026 11:03 PM (GMT+05:30)

कोरोना काल में बंद हुई पैसेंजर ट्रेनों को फिर से चलाने की तैयारी चल रही है, जिससे मुजफ्फरपुर और आसपास ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कोरोना काल में बंद पैसेंजर ट्रेनें होंगी बहाल।

  2. मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया रूट के यात्रियों को राहत।

  3. डीआरएम के निरीक्षण में सामने आई यात्रियों की समस्या।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । कोरोना काल में बंद की गईं पैसेंजर ट्रेनों को फिर से चलाने की तैयारी हो रही है। लंबे समय से बंद पड़ी ट्रेनों से यात्रियों को परेशानी हो रही है। खासकर मोतिहारी, बेतिया, नरकटियागंज व गोरखपुर रूट के यात्रियों की मुश्किलें रात में एक भी ट्रेन नहीं होने से बढ़ी हुई है।

मुजफ्फरपुर से हावड़ा जाने वाली वह फास्ट पैसेंजर ट्रेन, जो सुबह सात बजे मुजफ्फरपुर से खुलती थी उसे कोरोना काल में बंद कर दिया गया था।इस ट्रेन से बड़ी संख्या में मजदूर हावड़ा के लिए सफर करते थे।

ट्रेन बंद होने से मिथिला एक्सप्रेस पर दबाव आ गया है। इसमें जनरल कोच कम होने से हर दिन यात्रियों को भीड़ का सामना करना पड़ता है। खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही।

इधर मुजफ्फरपुर से गोरखपुर तक चलने वाली फास्ट पैसेंजर ट्रेन भी कोरोना काल में बंद कर दी गई। इस ट्रेन से व्यापारी वर्ग के साथ बड़ी संख्या में दैनिक यात्री सफर करते थे।

दिल्ली, मुंबई, सूरत समेत अन्य शहरों से रात में आने वाले यात्री इसी ट्रेन से मोतिहारी, बेतिया व नरकटियागंज की ओर जाते थे। ट्रेन बंद होने के बाद यात्रियों को रातभर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सुबह होने की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। पूरी रात इंतजार करने के बाद सुबह साढ़े सात बजे मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन पकड़ते हैं।

रात की नरकटियागंज पैसेंजर बंद होने से बढ़ी परेशानी 

रात साढ़े दस बजे चलने वाली नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन भी बंद कर दी गई थी। इससे रात में पहुंचने वाले यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ता है।

कई यात्रियों को मजबूरी में बस का सहारा लेना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, गोरखपुर डिवीजन की ओर से गोरखपुर से नरकटियागंज के बीच चार जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उसकी कनेक्टिविटी मुजफ्फरपुर तक दी जा रही है। इससे मोतिहारी व बेतिया के यात्रियों को गोरखपुर जाने के लिए सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।

डीआरएम के निरीक्षण में सामने आई समस्या 

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने शनिवार रात मुजफ्फरपुर जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान देखा कि मोतिहारी व गोरखपुर रूट के बहुत सारे पैसेंजर स्टेशन पर रुके हैं।

रेल अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि कोरोना काल के दौरान इन ट्रेनों को बंद कर दिया गया था और अब तक उनका परिचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे यात्रियों को रात में यहां ठहरना पड़ रहा।