मुजफ्फरपुर में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर पारू व औराई थानाध्यक्ष निलंबित, SSP का सख्त एक्शन
Muzaffarpur Police Action: मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में पारू और औराई थानाध्यक्षों को ...और पढ़ें

पारू और औराई थानाध्यक्ष।
HighLights
पारू थानाध्यक्ष पर आरोपितों को भागने देने का आरोप।
औराई थानाध्यक्ष ने लूट के मामले को कम करके आंका।
दोनों पर विभागीय कार्यवाही भी चलाई जाएगी।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Police Action: मुजफ्फरपुर में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पारू और औराई थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी चलाई जाएगी। एसएसपी कार्यालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई है।
पारू थानाध्यक्ष पर आरोप
एसएसपी कार्यालय के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरैया और अंचल पुलिस निरीक्षक पारू ने थानाध्यक्ष पारू के विरुद्ध प्रतिवेदन सौंपा था।
इसमें बताया गया कि पूछताछ के लिए लाए गए एक व्यक्ति को मध्यस्थता के बाद वरीय पदाधिकारी को अवगत कराए बिना छोड़ दिया गया। इसके अलावा लापरवाही और अविवेकपूर्ण निर्णय के कारण आरोपितों के भागने के दो मामले सामने आए।

15 दिनों में भागे आरोपित
बताया गया कि चुराई हुई संपत्ति, आर्म्स एक्ट तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामलों के आरोपितों को उचित संरक्षण में नहीं रखा गया।
इसके कारण 15 दिनों के अंतराल में दो आरोपितों के भागने की घटना सामने आ चुकी है। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कार्रवाई की।
आशुतोष शुक्ला निलंबित
एसएसपी ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता, मनमानेपन और वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना के आरोप में पारू थानाध्यक्ष दारोगा आशुतोष कुमार शुक्ला को निलंबित किया है। उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है।
औराई थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी वन की ओर से औराई थानाध्यक्ष के विरुद्ध प्रतिवेदन सौंपा गया था। इसमें आरोप लगाया गया कि लापरवाही और अविवेकपूर्ण निर्णय के कारण लूट की घटना का न्यूनीकरण कर गृह अतिचार और गृहभेदन में कांड दर्ज किया गया। इसके जरिए वरीय अधिकारियों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किए जाने की बात प्रतिवेदन में कही गई है।
जांच प्रक्रिया में भी लापरवाही
प्रतिवेदन के अनुसार, अपराध अनुसंधान की अनिवार्य प्रक्रिया में भी लापरवाही सामने आई। इसमें ई-साक्ष्य ऐप पर घटनास्थल का विवरण, तलाशी, जब्ती की कार्रवाई और साक्षियों के बयान से संबंधित प्रक्रिया शामिल है। इसके अलावा लक्ष्य के अनुरूप लंबित मामलों की समीक्षा नहीं करने का मामला भी सामने आया।
सुनील कुमार निलंबित
इन मामलों को लेकर एसएसपी ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता, मनमानेपन, केसों के न्यूनीकरण और वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना के आरोप में औराई
थानाध्यक्ष दारोगा सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। दोनों थानाध्यक्षों के विरुद्ध आगे विभागीय कार्यवाही भी चलेगी।
थानाध्यक्षों के विरुद्ध कार्रवाई...#BiharPolice#Muzaffarpurpolice#बिहार_पुलिस#मुजफ्फरपुर_पुलिस#निलंबन #janpolice #HaiTaiyarHum #bihar_police_for_your_help pic.twitter.com/gYcCvHo7uj
— Muzaffarpur Police (@MuzaffarpurPol3) September 9, 2026
