विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जवाहर नवोदय विद्यालय में बेटियों की बढ़ी रुचि, मुजफ्फरपुर में 7814 आवेदनों में 3720 लड़कियों के

Published: Thu, 13 Aug 2026 06:36 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह के नामांकन के लिए रिकॉर्ड 7,814 आवेदन आए हैं, जिसमें 3,720 छात्राएं ...और पढ़ें

कक्षा छह में नामांकन के लिए इस बार विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला है। फाइल फोटो

कक्षा छह में नामांकन के लिए इस बार विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला है। फाइल फोटो

HighLights

  1. रिकॉर्ड 7,814 आवेदन कक्षा छह नामांकन के लिए प्राप्त।

  2. 3,720 छात्राओं ने किया आवेदन, कई प्रखंडों में आगे।

  3. पिछले साल से 3,000 से अधिक आवेदन की वृद्धि।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Jawahar Navodaya Vidyalaya: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खरौनाडीह की कक्षा छह में नामांकन के लिए इस बार विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला है। प्रवेश परीक्षा के लिए रिकार्ड 7,814 विद्यार्थियों ने आनलाइन आवेदन किया है। इनमें 4,094 बालक और 3,720 बालिकाएं शामिल हैं।

बेटियों ने बढ़ाई भागीदारी

कई प्रखंडों में बालिकाओं ने आवेदन के मामले में बालकों को पीछे छोड़ दिया है। सरैया में 349 बालकों के मुकाबले 375 बालिकाओं ने आवेदन किया है। कुढ़नी में 350 बालकों की तुलना में 359 बालिकाओं ने फार्म भरा है।

बोचहां में यह अंतर सबसे अधिक है। यहां 335 बालकों की तुलना में 435 बालिकाओं ने आवेदन किया है। जिले में कुल आवेदनों की संख्या के मामले में बोचहां पहले, सरैया दूसरे और कुढ़नी तीसरे स्थान पर है।

बोचहां में सर्वाधिक आवेदन

प्रखंडवार आंकड़ों में बोचहां से सर्वाधिक 770 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद सरैया से 724, कुढ़नी से 709, पारू से 704 और मुशहरी रूरल से 676 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। वहीं, सबसे कम पांच आवेदन पोखरैरा प्रखंड से प्राप्त हुए हैं।
पिछले साल से तीन हजार अधिक

इस वर्ष प्राप्त आवेदनों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। पिछले साल कक्षा छह में नामांकन के लिए 4,778 विद्यार्थियों ने आनलाइन आवेदन किया था। इस बार यह संख्या बढ़कर 7,814 हो गई है।

विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी कुमार गौरव और जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा के विशेष प्रयास से अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक प्रवेश परीक्षा की जानकारी पहुंचाई गई। इसका असर आवेदन की संख्या में देखने को मिला है।

12 अगस्त तक करेक्शन

आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन में दर्ज विवरण की जांच और आवश्यक सुधार का अवसर दिया गया। इसके लिए करेक्शन पोर्टल दो दिनों के लिए खोला गया था, जिसकी अंतिम तिथि 12 अगस्त निर्धारित थी।

जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को विद्यालय में नामांकन का अवसर मिलेगा।

क्रम प्रखंड ऑनलाइन आवेदन
1 साहेबगंज 321
2 मोतीपुर 526
3 पारू 704
4 सरैया 724
5 कुढ़नी 709
6 कांटी 446
7 मीनापुर 441
8 मुशहरी रूरल 676
9 बोचहां 770
10 औराई वन 178
11 कटरा 218
12 गायघाट 228
13 मुरौल 149
14 सकरा 556
15 बंदरा 293
16 मड़वन 458
17 पोखरैरा 5
18 मुशहरी अरबन 357
19 औराई टू 56
कुल 19 प्रखंड 7,814