मुशहरी में चोरी करने पहुंचे 3 बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ा, फायरिंग कर भागने का प्रयास
Muzaffarpur Mushahari Theft Case: मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के बंकुल गांव में चोरी करने पहुंचे तीन आरोपितों को ग्रामीणों ...और पढ़ें

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपनी अभिरक्षा में थाने ले गई।
HighLights
मुशहरी के बंकुल गांव में तीन चोर पकड़े गए।
चोरों ने भागने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की।
ग्रामीणों ने चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
इमराम अहमद, मुशहरी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Mushahari Theft Case: जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के बंकुल गांव में रविवार की देर रात चोरी करने पहुंचे तीन आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
खुद को घिरता देख आरोपितों ने दो राउंड हवाई फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया और पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपनी अभिरक्षा में थाने ले गई।
कुत्ते के भौंकने से जागे
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब दो बजे टारी के पास आंगनबाड़ी केंद्र के समीप एक बाइक से तीनों आरोपित पहुंचे थे।
बाइक खड़ी करने के बाद वे एक घर की ओर बढ़े, तभी कुत्ता भौंकने लगा। आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई और बाहर निकलने पर तीनों संदिग्ध वहां दिखाई दिए।
फायरिंग कर भागे
ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जुटा लिया और तीनों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर दो राउंड हवाई फायरिंग की और भागने की कोशिश की। इसके बावजूद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
पुलिस ने कब्जे में लिया
तीनों के पकड़े जाने की सूचना पंचायत के सरपंच को मिली तो उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपितों को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने ले आई।
इसके बाद तीनों को मुशहरी पीएचसी में इलाज के लिए लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।
पिस्टल समेत सामान बरामद
पुलिस अभिरक्षा में तीनों का एसकेएमसीएच में इलाज कराया जा रहा है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मुशहरी के आथर निवासी सूरज कुमार, गायघाट के बखरी निवासी राजा कुमार और पियर के करैला मोहनपुर निवासी राजा कुमार के रूप में हुई है। उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक गेट कटर, एक बाइक और एक पिलास बरामद किया गया है।
पहले भी हो चुकी चोरी
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 20 दिन पहले गांव के छह लोगों के मोबाइल फोन एक साथ रात में चोरी हो गए थे। इसके बाद ग्रामीण चोरों पर नजर रखे हुए थे।
करीब एक महीने पहले बैकटपुर पंचायत के सलहा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर चोरी की घटना भी हुई थी।
फायरिंग की जांच जारी
एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने पहुंचे तीन आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा है।
उन्होंने कहा कि फायरिंग की स्पष्ट जानकारी पुलिस को नहीं मिली है और इस संबंध में जांच-पड़ताल की जा रही है। फिलहाल तीनों आरोपितों का पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल और इलाज कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सहरसा में चोरी की घटनाओं के बाद जागा प्रशासन, हॉस्टल-लॉज में 3 घंटे तक चली छापेमारी
