मुजफ्फरपुर में एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी को सोशल मीडिया पर मिली धमकी, चार नामजद
Muzaffarpur MLC Vanshidhar Brajwasi: मुजफ्फरपुर के एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी को इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और जान से मारने की ...और पढ़ें

16 सितंबर को भी उनके विरुद्ध अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप है। फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, बैरिया (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur MLC Vanshidhar Brajwasi: मुजफ्फरपुर के एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी के विरुद्ध इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी देने के आरोप में काजीमोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
एमएलसी ने चार लोगों को नामजद करते हुए अलग-अलग इंटरनेट मीडिया पोस्ट के माध्यम से अभद्र टिप्पणी, गैर संसदीय भाषा के इस्तेमाल और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इससे वह और उनका परिवार दहशत में है।
थप्पड़ मारने की धमकी
एमएलसी के आवेदन पर वैभव मिश्रा, ठाकुर दिव्य प्रकाश, राहुल झा और उज्ज्वल कुमार ओझा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आवेदन के अनुसार, वैभव मिश्रा के नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट से उन्हें थप्पड़ मारने तक की धमकी दी गई। इसी अकाउंट से 16 सितंबर को भी उनके विरुद्ध अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप है।
राहुल झा के अकाउंट से भ्रामक आरोप लगाते हुए गैर संसदीय भाषा का इस्तेमाल करने की बात कही गई है। उज्ज्वल कुमार ओझा और ठाकुर दिव्य प्रकाश पर भी फेसबुक पर जातिगत भावना भड़काने और सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
एमएलसी ने आशंका जताई है कि आरोपित सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के साथ लोगों को उनके विरुद्ध भड़काने का प्रयास कर रहे हैं।
हत्या की जताई आशंका
आवेदन में एमएलसी ने जातिगत संघर्ष की स्थिति पैदा कर उनकी हत्या का प्रयास कराए जाने की आशंका भी जताई है। उन्होंने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
एमएलसी ने यह भी बताया कि वैभव मिश्रा के विरुद्ध पहले से मामला दर्ज है, जबकि ठाकुर दिव्य प्रकाश के विरुद्ध इसी तरह के मामले में नगर विधायक ने भी प्राथमिकी कराई थी।
काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दिव्य प्रकाश ने आरोप नकारे
इधर, ठाकुर दिव्य प्रकाश ने कहा कि उन्होंने स्कूलों में लगाए गए वाटर कूलर में अनियमितता का मामला उठाया था। इसे लेकर निगरानी विभाग में भी शिकायत कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि इसी को लेकर एमएलसी उन्हें टारगेट कर रहे हैं और उन्होंने एमएलसी के लिए किसी प्रकार की आपत्तिजनक भाषा का उपयोग नहीं किया है।
यह भी पढ़ें- 'भूखा हूं... अधनंगा हूं...' MLC वंशीधर ब्रजवासी का अनोखा विरोध, भिखारी बन हाथ में कटोरा-थाली लेकर विधान परिषद पहुंचे
