मुजफ्फरपुर में MLC चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन पर कार्रवाई, जनसुराज समर्थित उम्मीदवार पर प्राथमिकी
Jansuraj Candidate Shyamnandan Kumar Yadav FIR: मुजफ्फरपुर में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव के दौरान जनसुराज समर्थित उम्मीदवार ...और पढ़ें

चुनाव प्रचार थमने के बाद भी ऑनलाइन माध्यम से प्रचार करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
HighLights
मुजफ्फरपुर MLC चुनाव में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला।
जनसुराज समर्थित उम्मीदवार श्यामनंदन यादव पर प्राथमिकी दर्ज।
प्रचार थमने के बाद ऑनलाइन प्रचार का आरोप सही पाया गया।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur MLC Election News: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हो रहे विधान परिषद (MLC) चुनाव के मतदान से ठीक पहले प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली है।
मुजफ्फरपुर में जनसुराज पार्टी समर्थित शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार श्यामनंदन कुमार यादव पर आदर्श आचार संहिता (MCC) के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। चुनाव प्रचार थमने के बाद भी ऑनलाइन माध्यम से प्रचार करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
कार्यकारी दंडाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी
काजीमोहम्मदपुर थानेदार चंद्रभूषण कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त प्राथमिकी कार्यपालक दंडाधिकारी (पूर्वी) रामनाथ कुमार के बयान पर दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि गुरुवार को प्रशासन को सूचना मिली थी कि 'साइलेंस पीरियड' (प्रचार थमने की अवधि) के दौरान भी ऑनलाइन माध्यम से जनसुराज समर्थित उम्मीदवार श्यामनंदन कुमार यादव द्वारा चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
जांच में सही पाई गई सूचना
सूचना के सत्यापन के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी ने काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष को प्रशासनिक सहयोग के लिए निर्देशित किया।
जब ऑनलाइन और मैदानी स्तर पर इसकी जांच की गई, तो मामला सही पाया गया। जांच के दौरान मौके से चुनाव प्रचार से जुड़ी सामग्रियां और हैंडबिल आदि बरामद किए गए, जिनकी प्रतियों को प्राथमिकी के साथ साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया है।
संज्ञेय अपराध की श्रेणी
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मतदान समाप्ति से निर्धारित 48 घंटे पूर्व 'साइलेंस पीरियड' लागू हो जाता है। इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार करना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है।
प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनसुराज समर्थित उम्मीदवार श्यामनंदन कुमार यादव और उनके दल के अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा इस नियम का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है। काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
