विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में मसाज व ब्यूटी पार्लरों में देह व्यापार कराने वालों के अंतरराज्यीय रैकेट, 12 आरोपितों को जेल

Published: Fri, 14 Aug 2026 10:45 PM (IST)

पुलिस ने मुजफ्फरपुर में मसाज और ब्यूटी पार्लरों में चल रहे देह व्यापार के अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें

पूछताछ के बाद सभी 12 आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। फाइल फोटो

पूछताछ के बाद सभी 12 आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Massage Parlour Racket: मसाज और ब्यूटी पार्लरों में देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

नगर और काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के धर्मशाला चौक, कटही पुल समेत आधे दर्जन मसाज व ब्यूटी पार्लरों में हुई कार्रवाई के बाद संचालिका समेत 11 महिलाओं और एक संचालक को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद सभी 12 आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों के तार अंतरराज्यीय रैकेट से जुड़े हैं। ठिकानों से 11 मोबाइल और कई तरह के आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए थे।

पुलिस ने मोबाइल का काल डिटेल खंगाला तो देह व्यापार कराने से जुड़े कई अन्य आरोपितों और मसाज पार्लरों में आने वाले नियमित ग्राहकों के नंबर मिले हैं।

सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि मसाज और ब्यूटी पार्लरों में देह व्यापार कराया जा रहा था। मामले में नगर और काजीमोहम्मदपुर थाने में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। दोनों थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार 12 आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान पानापुर करियात इलाके से अपहृत एक किशोरी और एक दूसरी किशोरी को पार्लर से मुक्त कराया गया था।

बरामद किशोरी ने पुलिस को बताया कि उससे दिन में कई बार शारीरिक संबंध बनाए जाते थे। इसके लिए शहर में अलग-अलग जगह संचालित मसाज और ब्यूटी पार्लरों को ट्रांजिट प्वाइंट बनाया गया था।

किशोरी से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न मसाज और ब्यूटी पार्लरों में छापेमारी की। इसके बाद देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस अब मोबाइल से मिले नंबरों के आधार पर अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में संजय साह, माया देवी, पूनम देवी, सरैया की सोनी देवी, जलपाईगुड़ी की रीना देवी, सीतामढ़ी के महिंदवाड़ा इलाके की सुलेखा कुमारी, बिला दास, पारू की सुमंती देवी, कुढ़नी की मर्जीना खातुन, पारू की चिंता देवी, सकरा की किरण देवी और काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र की पूजा देवी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। मोबाइल काल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पानापुर करियात थाना क्षेत्र की अपहृत किशोरी को ब्यूटी पार्लर में बंधक बनाकर देह व्यापार कराने के मामले में गिरफ्तार दो महिलाओं को विशेष कोर्ट पाक्सो एक्ट संख्या-3 की न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

विशेष कोर्ट ने सिलीगुड़ी के जलपाईगुड़ी के कोतवाली थाना क्षेत्र के शेखपाड़ा निवासी और वर्तमान में अघोरिया बाजार निवासी माया देवी तथा वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के सुक्की कटेसर निवासी पूनम देवी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

विशेष कोर्ट ने पीड़िता को सीडब्ल्यूसी में भेज दिया है। बताया गया कि पीड़िता की मां नहीं है और उसके पिता उसे लेने नहीं आए।