मुजफ्फरपुर में सस्ते मखाने का झांसा देकर हरिद्वार से बुलाया, परिचित ने ही लूटे 1.60 लाख
Muzaffarpur Loot Case: मुजफ्फरपुर में सस्ते मखाने का झांसा देकर हरिद्वार के एक किराना दुकानदार से 1.60 लाख रुपये लूट ...और पढ़ें

अपराधी के बारे में जानकारी देतीं पुलिस अधिकारी।
HighLights
हरिद्वार के दुकानदार से 1.60 लाख रुपये लूटे गए।
सस्ते मखाने का झांसा देकर मुजफ्फरपुर बुलाया गया।
मुख्य आरोपी राहुल कुमार गिरफ्तार, 17 हजार बरामद।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। Makhana Deal Fraud: सदर थाना क्षेत्र में हरिद्वार के किराना दुकानदार से 1.60 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपित युवक को पताही हरि से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से लूटे गए 17 हजार रुपये बरामद किए हैं।
तीन साथियों संग रची साजिश
एसडीपीओ नगर टू विनीता सिन्हा ने बताया कि मंगलवार को एलपी शाही कालेज के पास तीन-चार अज्ञात अपराधियों ने साइनो केन फार्मा कंपनी के कर्मी सत्यप्रकाश मिश्रा से 1.60 लाख रुपये लूट लिए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

सूचना पर आरोपित पकड़ा
वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर एसडीपीओ नगर टू के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने आसूचना संकलन के आधार पर राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट की रकम में से 17 हजार रुपये बरामद हुए।
मखाना लेने आए थे सत्यप्रकाश
एसडीपीओ ने बताया कि हरिद्वार निवासी सत्यप्रकाश मिश्रा की राहुल कुमार से पहले से पहचान थी। हरिद्वार में सत्यप्रकाश की किराना दुकान है। राहुल ने उन्हें सस्ते दर पर मखाना दिलाने की बात बताई थी।
रुपये लाने की थी जानकारी
मखाना खरीदने के लिए रुपये लेकर सत्यप्रकाश मुजफ्फरपुर आए थे। राहुल को इसकी पहले से जानकारी थी। आरोप है कि राहुल ने अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर रुपये लूटने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
साथियों की तलाश जारी
पुलिस पूछताछ में राहुल ने अपने साथियों के नाम-पते बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। राहुल मशीन के मेंटेनेंस का काम करता है और इसी दौरान उसकी सत्यप्रकाश से पहचान हुई थी।
