विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में गरीबों को मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता, जंक्शन और एसकेएमसीएच में खुलेंगे लीगल ऐड क्लीनिक

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:47 PM (IST)

Bihar State Legal Services Authority: मुजफ्फरपुर जंक्शन और एसकेएमसीएच में लीगल ऐड क्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं, जो गरीब ...और पढ़ें

मुफ्त और प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मुफ्त और प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर जंक्शन और एसकेएमसीएच में लीगल ऐड क्लीनिक।

  2. गरीबों और कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता मिलेगी।

  3. दिसंबर 2026 में पटना में होगा औपचारिक उद्घाटन।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Legal Aid Clinic: जिले के आम नागरिकों, विशेषकर समाज के गरीब, कमजोर और उपेक्षित वर्गों को सुगमता से मुफ्त और प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (पटना) के निर्देश के आलोक में मुजफ्फरपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन और श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर में 'लीगल ऐड क्लीनिक' (Legal Aid Clinic) की स्थापना की जाएगी।

डीएम को भेजा गया पत्र

इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव तेज कुमार प्रसाद द्वारा जिला मजिस्ट्रेट (DM) को पत्र भेजकर आवश्यक समन्वय और प्रशासनिक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

राज्यभर में जरूरतमंदों तक जमीनी स्तर पर कानूनी अधिकारों और हकदारियों की प्रारंभिक सलाह व सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से प्रमुख सार्वजनिक संस्थानों और ट्रांजिट पॉइंट्स का चयन किया गया है।

मरीजों और यात्रियों को मिलेगी राहत

इसी व्यापक योजना के तहत मुजफ्फरपुर के इन दो अति-महत्वपूर्ण स्थलों मुजफ्फरपुर जंक्शन और एसकेएमसीएच को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है।

इन क्लीनिकों के माध्यम से इलाज कराने आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और रेल यात्रियों को त्वरित एवं सुलभ कानूनी मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा, जिससे न्याय तक उनकी पहुंच और अधिक मजबूत होगी।

कई शहरों में भी सुविधा

मुजफ्फरपुर के अलावा राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी इसी तर्ज पर क्लीनिक खोले जा रहे हैं। इनमें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH), दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH), जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (भागलपुर) और अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (गयाजी) शामिल हैं। इसके साथ ही पटना जंक्शन, दरभंगा जंक्शन, भागलपुर जंक्शन और गयाजी जंक्शन रेलवे स्टेशनों को भी इस योजना के दायरे में रखा गया है।

पांच और छह दिसंबर को प्रस्तावित उद्घाटन

इन सभी चिन्हित लीगल ऐड क्लीनिकों का औपचारिक उद्घाटन आगामी पांच और छह दिसंबर 2026 को पटना में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 'ईस्ट जोन क्षेत्रीय सम्मेलन' के दौरान प्रस्तावित है।

इस उच्चस्तरीय आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए डीएलएसए सचिव ने जिला प्रशासन से संबंधित विभागों और प्राधिकारियों को त्वरित निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

इसके तहत क्लीनिकों के लिए आधारभूत संरचना के विकास, आवश्यक उपकरणों की स्थापना और अन्य सभी जरूरी प्रशासनिक औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि सम्मेलन के तुरंत बाद इनका सुचारू संचालन धरातल पर शुरू हो सके।