मुजफ्फरपुर के माखन साह चौक से आभूषण कारीगर शराब के साथ गिरफ्तार, 48 बोतलें जब्त
मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने एक आभूषण मरम्मत करने वाले कारीगर को शराब के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

जब्त शराब और गिरफ्तार आभूषण कारोबारी के साथ उत्पाद इंस्पेक्टर। सौ: उत्पाद
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्पाद विभाग की टीम ने नगर थाना क्षेत्र के माखन साह चौक पर छापेमारी कर शराब के साथ आभूषण मरम्मत करने वाले कारीगर को गिरफ्तार किया।
उसके पास से विभिन्न ब्रांड की करीब 48 बोतल शराब जब्त की गई। पूछताछ में आरोपित की पहचान बालूघाट निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है।
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि पूछताछ कर आरोपित को जेल भेजने की कवायद की जा रही है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आभूषण मरम्मत करने वाली दुकान की आड़ में चोरी-छिपे शराब का धंधा किया जा रहा है। इसी आधार पर टीम के साथ माखन साह चौक पर छापेमारी की गई।
दुकान की तलाशी लेने पर वहां भारी मात्रा में शराब मिली। इसके बाद आरोपित कारीगर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि वह करीब एक वर्ष से चोरी-छिपे दूसरे प्रदेशों से शराब लाकर यहां बिक्री करता था।
पूछताछ के दौरान उत्पाद विभाग को उसके सिंडिकेट में शामिल अन्य धंधेबाजों के नाम और ठिकानों की भी जानकारी मिली है। उत्पाद विभाग अब मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्पाद विभाग की टीम आरोपित से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
