मुजफ्फरपुर में अंतरजिला लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़, पांच बदमाश गिरफ्तार
Muzaffarpur Robbery Gang Arrest: मुजफ्फरपुर पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र से अंतरजिला लुटेरा गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Robbery Gang Arrest: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरजिला लुटेरा गिरोह से जुड़े पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, दो कारतूस, दो बाइक और लूट का एक मोबाइल बरामद किया है। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस कांफ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी।
अजीजपुर के बगीचे में जुटे थे बदमाश
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सरैया के अजीजपुर स्थित एक बगीचे में कई बदमाश हथियारों के साथ बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर सरैया थाने की पुलिस टीम ने इलाके में नाकेबंदी की।
पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पानापुर करियात इलाके के अभिषेक कुमार, रिकेश कुमार और राहुल कुमार तथा सरैया इलाके के अमिकेश कुमार के रूप में हुई है।
हथियार और बाइक जब्त
पुलिस ने बदमाशों के पास से दो देसी कट्टा, दो कारतूस और दोनों बाइक जब्त की हैं। हथियार बरामदगी के मामले में सरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूछताछ के दौरान बदमाशों ने सरैया थाना क्षेत्र में इसी वर्ष हुई लूट की एक घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि एक लाख रुपये नकद, बैग, चाबी और मोबाइल लूटने के बाद भागने के दौरान बाइक से गिर गए थे। इसके बाद बाइक, बैग और चाबी छोड़कर फरार हो गए थे।
एक और बदमाश गिरफ्तार
गिरफ्तार बदमाशों के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने इसी घटना में शामिल एक अन्य आरोपित अविनाश कुमार को भी गिरफ्तार किया। सरैया निवासी अविनाश को लूट के मोबाइल के साथ जख्मी अवस्था में पकड़ा गया।
कई लूटकांडों में संलिप्तता
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने करजा, सरैया और जैतपुर थाना क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, जून के प्रथम सप्ताह में जैतपुर थाना क्षेत्र के धनुकीरा चौक स्थित सीएसपी को लूटने के प्रयास और गोलीबारी की घटना में भी उनकी भूमिका सामने आई है।
इसके अलावा तीन सितंबर की रात करजा के मड़वन बाजार स्थित सुविधा किराना दुकान में पिस्टल का भय दिखाकर 1,500 रुपये और मोबाइल लूटने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की गई है। सरैया थाना क्षेत्र में दर्ज लूटकांड में भी बदमाशों ने अपनी भूमिका बताई है।
पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इसके लिए विभिन्न थानों से संपर्क किया जा रहा है। लंबित मामलों में सभी आरोपितों को रिमांड पर लेने की कवायद की जाएगी।
