विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में ब्लैकबोर्ड से देखकर कई प्रश्नों के उत्तर नहीं लिख सके विद्यार्थी

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:30 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों की अर्द्ध वार्षिक परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई, जिसमें ...और पढ़ें

रमना स्थित हरिहर नारायण स्कूल में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा देते विद्यार्थी। जागरण

रमना स्थित हरिहर नारायण स्कूल में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा देते विद्यार्थी। जागरण

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में नामांकित पहली से आठवीं के सात लाख विद्यार्थियों के लिए मंगलवार से अर्द्ध वार्षिक परीक्षा की शुरुआत हुई। तीसरी से आठवीं के बच्चों के लिए कक्षाओं में ब्लैक बोर्ड और स्मार्ट बोर्ड पर प्रश्न पत्र को लिखा गया। इस आधार पर छात्र-छात्राओं ने अपनी कापियों में उत्तर लिखे।

कई स्कूलों में इंटरनेट की समस्या के कारण प्रश्न पत्र डाउनलोड होने में परेशानी हुई। वहीं अधिकांश स्कूलों में ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न पत्र लिखे होने के कारण धीमा लिखने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रश्न का उत्तर नहीं लिख सके।

जब तक वे ब्लैकबोर्ड पर लिखे गए प्रश्न का पूरा उत्तर लिख पाते तब तक उसे मिटा कर अगला प्रश्न लिख दिया गया था। पहले दिन पहली पाली में हिंदी और दूसरी पाली में छठी से आठवीं के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान की परीक्षा हुई।

पहली पाली की परीक्षा 10 से 12 बजे और दूसरी पाली एक बजे से तीन बजे तक हुई। पहली और दूसरी के विद्यार्थियों के लिए मौखिक मूल्यांकन किया गया। परीक्षा का संचालन 20 सितंबर तक होना है। कई स्कूलों में परीक्षा के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रश्न पत्र डाउनलोड होने में परेशानी होने के कारण काफी विलंब से परीक्षा शुरू हुई।

21 से 25 सितंबर तक होगा मूल्यांकन

अर्द्ध वार्षिक परीक्षा संपन्न होने के बाद 21 से 25 सितंबर तक कापियों का मूल्यांकन होगा। इसके बाद परिणाम को प्रगति पत्रक में संधारित किया जाएगा। 26 सितंबर को सभी विद्यालयों में अभिभावक - शिक्षक गोष्ठी होगी।

इसमें छात्र-छात्राओं की प्रगति की चर्चा होगी। मूल्यांकित कापी छात्र-छात्राएं अपने - अपने घर ले जा सकेंगे। परीक्षा में सी, डी और ई ग्रेड प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। इसको लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से निर्देश जारी किया गया है।