विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर की पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन, जीपीडीपी से जुड़ेंगे स्थानीय मुद्दे

Published: Sat, 03 Oct 2026 04:44 AM (IST)

मुजफ्फरपुर जिले की सभी 373 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का सफल आयोजन हुआ, जिसका उद्देश्य पंचायतों को अधिक ...और पढ़ें

जिलाधिकारी कुमार गौरव

जिलाधिकारी कुमार गौरव 

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Special Gram Sabha: पीपुल्स प्लान कैंपेन के तहत शुक्रवार को मुजफ्फरपुर जिले की सभी 373 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का सफल आयोजन किया गया।

इसमें मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, बीडीओ और सीओ समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को अधिक जानकारीपूर्ण, सहभागी और नागरिक केंद्रित बनाना था।

जीपीडीपी से जुड़ाव

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुनकर उन्हें ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) से जोड़ा जाएगा। ग्राम सभा की शुरुआत स्थानीय मुखिया और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुई।

पंचायत सचिवों ने जीपीडीपी और रिफार्म उत्सव के बारे में सभी को एजेंडावार विस्तृत जानकारी दी।

स्थानीय मुद्दों पर चर्चा

बैठक के दौरान विकास योजनाओं और सुधारों पर प्रस्तुति दी गई तथा स्थानीय मुद्दों पर सार्थक संवाद हुआ। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। डीएम ने कहा कि प्राप्त सभी सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

नशामुक्त बिहार अभियान

हर पंचायत में रिफार्म उत्सव आयोजित कर नागरिक केंद्रित सुधारों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही चलाए गए नशामुक्त बिहार अभियान के तहत ग्रामीणों को 'से नो टू ड्रग्स' का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मियों और ग्रामीणों ने नशा न करने की सामूहिक शपथ भी ली।

जीविका दीदियों की भूमिका

आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों और शिक्षकों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। इससे पहले एक अक्टूबर को 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' श्रमदान के तहत स्वच्छता अभियान भी चलाया गया था। ग्राम सभा में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, कचरा प्रबंधन और 'एक पेड़ मां के नाम' पौधारोपण पर भी गंभीर चर्चा हुई।