मुजफ्फरपुर के पारू में बनेगा आधुनिक आईटीआई भवन, युवाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण
Muzaffarpur ITI Building: मुजफ्फरपुर के युवाओं के लिए अच्छी खबर है, जहां पारू अंचल में 19.84 करोड़ रुपये की लागत ...और पढ़ें

छात्रों के रहने के लिए 100 क्षमता वाला मॉडल 'ए' बालक छात्रावास (जी प्लस थ्री) तैयार किया जाएगा। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur ITI Building: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के युवाओं के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण का मार्ग और सुगम होने जा रहा है। जिले के पारू अंचल में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) के नए और आधुनिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए 19 करोड़ 84 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
शासनादेश हुआ जारी
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। यह पूरी योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'सात निश्चय' योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है।
छात्रों के लिए हॉस्टल
स्वीकृत राशि से परिसर में प्रशासनिक भवन और वर्कशॉप (जी प्लस वन) का निर्माण होगा। इसके साथ ही प्राचार्य व उप-प्राचार्य आवास, स्टाफ हॉस्टल और छात्रों के रहने के लिए 100 क्षमता वाला मॉडल 'ए' बालक छात्रावास (जी प्लस थ्री) तैयार किया जाएगा।
शीघ्र निकलेगा टेंडर
भवन निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख को तकनीकी अनुमोदित प्राक्कलन उपलब्ध करा दिया गया है। इसके आलोक में राज्य स्कीम के तहत प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। अब जल्द ही भवन निर्माण विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
जर्जर भवन से मुक्ति
वर्तमान में पारू स्थित आईटीआई का पुराना भवन काफी जर्जर हो चुका है, जिससे छात्रों को पठन-पाठन और व्यावहारिक प्रशिक्षण में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नए भवन के निर्माण से स्थानीय युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
