विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में बाबा गरीबनाथ धाम कारिडोर की तर्ज पर गणिनाथ मंदिर का होगा विकास

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:03 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के गणिनाथ मंदिर को बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसके लिए पर्यटन विभाग ने ...और पढ़ें

बीबीगंज गोविंदपुरी स्थित गणिनाथ मंदिर। जागरण

बीबीगंज गोविंदपुरी स्थित गणिनाथ मंदिर। जागरण

HighLights

  1. गणिनाथ मंदिर का विकास बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर की तर्ज पर।

  2. मंदिर के जीर्णोद्धार पर अनुमानित 5 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

  3. पर्यटन विभाग द्वारा तीन दिवसीय राजकीय गणिनाथ महोत्सव का आयोजन।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार का देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम कारिडोर की तर्ज पर बीबीगंज गोविंदपुरी स्थित गणिनाथ मंदिर को विकसित किया जाएगा। इस योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी गई है।

पर्यटन विभाग के निर्देश के आलोक में मुशहरी सीओ ने विकास योजना से संबंधित रिपोर्ट अपर समाहर्ता (एडीएम) राजस्व कुमार प्रशांत को सौंप दी है।

इसमें उन्होंने भूमि का ब्योरा से लेकर सड़क, रेल मार्ग और अवस्थित संरचनाओं की पूरी जानकारी दी है। अब इसी रिपोर्ट को पर्यटन विभाग को भेजा जाएगा।

मंदिर के विकास संबंधित कार्यों पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, अभी प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।

इस योजना के तहत मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

परिसर में स्थित ऐतिहासिक पोखर को पूरी तरह ठीक करके आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के मार्ग भी खुलेंगे। सीओ की रिपोर्ट अनुसार, मंदिर से हाइवे की दूरी मात्र तीन सौ मीटर है और पटना की दूरी करीब 70 किलोमीटर है।

मंदिर और परिसर करीब 43 डिसमिल भूमि पर अवस्थित है। विदित हो कि यह प्राचीन मंदिर बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज को समर्पित है। यहां हर साल वार्षिक पूजनोत्सव और जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

राजकीय महोत्सव का होगा आयोजन

इस स्थल के विकास और कायाकल्प के लिए पर्यटन विभाग ने हर साल यहां तीन दिवसीय राजकीय बाबा गणिनाथ महोत्सव आयोजित करने की घोषणा की है। इस भव्य महोत्सव का आयोजन शीघ्र ही होने वाला है।

यह मंदिर समाज के विशेष वर्गों और स्थानीय लोगों के लिए गहरी आस्था का प्रतीक है, जहां भंडारे और महाप्रसाद का आयोजन किया जाता है। इसी प्रकार तुर्की के लदौरा में भी महावीरी महोत्सव का आयोजन किया जाना है। यहां पर विकास संबंधित योजनाओं पर काम शुरू कर दिया गया है।

बाबा गणिनाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। शीघ्र ही गणिनाथ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके विकसित होने से इस ऐतिहासिक मंदिर का महत्व और भी बढ़ेगा। क्षेत्र का भी विकास होगा।
केदार प्रसाद गुप्ता, पर्यटन मंत्री