विदेश में बैठे अफगानी से सीधा संपर्क, मक्के की आड़ में ड्रग्स भेजने वाला मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार
डीआरआई मुंबई ने मुजफ्फरपुर के बोचहां से अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मोहम्मद बासिर हवारी को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
आकाश कुमार, मुजफ्फरपुर । डीआरआई मुंबई जोनल यूनिट ने बाेचहां इलाके में कार्रवाई कर अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान बोचहां परंती के 48 वर्षीय मोहम्मद बासिर हवारी उर्फ फरहान के रूप में हुई है।
आरोपित ने स्वीकार किया कि वह विदेश में बैठे अफगानी नागरिक हाजी और उसके साथी आशीष पाल के सीधे संपर्क में था।पूछताछ के बाद डीआरआई की टीम ने आरोपित को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसकी 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की।
डीआरआई ने आरोपित को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिला स्थित उरण कोर्ट में पेश करने के लिए मुंबई ले गई। बताया गया कि 16-17 अगस्त को मुंबई के न्हावा शेवा (उरण) स्थित एक कंटेनर फ्रेट स्टेशन में एक एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट की जांच के दौरान मक्के के दानों के बीच छिपाकर रखा गया 55.860 किलो सफेद क्रिस्टलीय नशीला पदार्थ ड्रग्स जब्त की थी।
जांच में यह पदार्थ खतरनाक साइकोट्रापिक ड्रग मिथाइल एम्फेटामाइन पाया गया। जिसे मेसर्स शिव ट्रेडिंग कंपनी के नाम से विदेश भेजने के लिए बुक किया गया था।
जांच के दौरान इलेक्ट्रानिक और तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि यह नशीला पदार्थ बिहार के मुजफ्फरपुर से मक्के के दानों में छिपाकर लोड किया गया था।
कड़ियों को जोड़ते हुए डीआरआई की टीम जब आरोपित तक पहुंची तो पूछताछ और उसके स्वैच्छिक बयान में मुख्य साजिश का पता चला। आरोपित बासिर हवारी से पता चला कि वह विदेश में बैठे अफगानी नागरिक हाजी और उसके साथी आशीष पाल के सीधे संपर्क में था।
आरोपित ने उनसर गांव से नशीले पदार्थ को खरीदने के बाद मक्के की आड़ में इस नशीले पदार्थ की खरीद, डिब्बों में पैकिंग और लोडिंग करवाकर इसे मुंबई तक भिजवाने में मुख्य कड़ी के रूप में काम किया था।
