मुजफ्फरपुर में बिना लाइसेंस के चल रहे मेडिकल हॉल पर छापेमारी, 57 तरह की दवाएं जब्त
मुजफ्फरपुर में ड्रग विभाग ने अहियापुर के झपहां में बिना लाइसेंस चल रहे शांतनू मेडिकल हॉल पर छापा मारा, जहां ...और पढ़ें

अहियापुर थाना इलाके के झपहां स्थित दवा दुकान की जांच करती ड्रग इंस्पेक्टर की टीम और अहियापुर पुलिस। सौ. जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Drug Department Raid: अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां, द्रोणपुर रोड में ड्रग विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित की जा रही दवा दुकान का पर्दाफाश किया है।
ड्रग इंस्पेक्टर सुशील कुमार के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में भारी मात्रा में दवाएं बरामद की गई हैं। दुकान संचालक के पास न तो दुकान चलाने का वैध लाइसेंस मिला और न ही दवाओं की खरीद से जुड़े कोई दस्तावेज।
औचक छापेमारी की कार्रवाई
सहायक औषधि नियंत्रक को गुप्त सूचना मिली थी कि झपहां इलाके में शांतनू मेडिकल हाल बिना किसी लाइसेंस के चलाया जा रहा है।
इस आधार पर ड्रग इंस्पेक्टर ने पुलिस बल के साथ दुकान पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान संचालक रूपेश कुमार दुकान का रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहा।
57 प्रकार की दवाएं जब्त
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान दुकान से कुल 57 प्रकार की दवाइयां पांच बोरियों में भरकर जब्त की गई हैं। बरामद दवाओं में बड़ी संख्या में ऐसे फिजिशियन सैंपल भी शामिल हैं, जिनकी बाजार में बिक्री पर पूरी तरह रोक होती है। जब्त दवाओं के सैंपल सील कर जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
कोर्ट में चलेगा मुकदमा
ड्रग विभाग ने बिना लाइसेंस संचालन और प्रतिबंधित दवाएं बेचने के मामले में सख्त कानूनी कदम उठाने की बात कही है। आरोपी संचालक रूपेश कुमार के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य अवैध दवा दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया है।
