विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर की महिला डाक्टर की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर सहपाठी कर रहा ब्लैकमेल, शादी रोकने की धमकी

Published: Tue, 01 Sep 2026 05:00 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में एक महिला चिकित्सक को उनके पूर्व सहपाठी ने एआई और फोटोशॉप से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल किया। फर्जी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । शादी की खुशियों के बीच एक महिला चिकित्सक के लिए उसका पुराना सहपाठी ही परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान साथ रहे पटना निवासी डाक्टर ने एआई और फोटोशाप की मदद से उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर दीं।

इसके बाद फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल और ईमेल के जरिये तस्वीरें प्रसारित करने के साथ धमकियां दी जाने लगीं। शादी तय होने के बाद आरोपित की गतिविधियां बढ़ गईं। मामले में महिला चिकित्सक ने साइबर थाने में प्राथमिकी कराई है।

शादी तय हुई तो बढ़ा दबाव

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि आरोपित उनके एमबीबीएस का सहपाठी रहा है। शादी तय होने के बाद आरोपित ने इसमें बाधा डालनी शुरू कर दी। स्वजन को धमकी दी गई कि वह शादी नहीं होने देगा। इसको लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी। उस समय आरोपित ने भविष्य में संपर्क नहीं करने का आश्वासन दिया था।

एआई से तैयार की तस्वीरें

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने एआई और फोटोशाप तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी सामान्य तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दे दिया। इन तस्वीरों का इस्तेमाल उन्हें बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए किया गया।

फर्जी आईडी से तस्वीरें वारल

आरोप है कि दो अलग-अलग नामों से फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाई गईं। इन प्रोफाइल से आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित की गईं। पीड़िता के पति, ससुरालवालों और कालेज के सहपाठियों को भी अलग-अलग फर्जी ईमेल आइडी और अज्ञात मोबाइल नंबरों से संदेश भेजे गए।

प्रतिष्ठा और वैवाहिक जीवन प्रभावित करने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि फर्जी जानकारी भेजकर उसके वैवाहिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। लगातार मिल रही धमकियों और संदेशों से वह मानसिक रूप से परेशान हैं।

पुलिस को सौंपे डिजिटल साक्ष्य

पीड़िता ने पुलिस को मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। इनमें आपत्तिजनक तस्वीरें, फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल के यूआरएल और संदेशों के स्क्रीनशाट शामिल हैं। साइबर थाने में पटना के कंकड़बाग निवासी एमबीबीएस सहपाठी डाक्टर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।