मुजफ्फरपुर में 40 सड़क-पुल-फ्लाईओवर पर नजर, डीएम बोले- योजनाओं का काम दिखना चाहिए जमीन पर
डीएम कुमार गौरव ने मुजफ्फरपुर में 40 विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पदाधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम कुमार गौरव। पीआरडी
HighLights
डीएम ने 40 विकास योजनाओं की नियमित निगरानी का निर्देश दिया।
योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।
जनता को समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । जिले में चल रही विकास योजनाओं की रफ्तार और गुणवत्ता अब अधिकारियों की नियमित निगरानी में रहेगी।
सड़क, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर समेत करीब 40 बड़ी योजनाओं को लेकर डीएम कुमार गौरव ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि योजनाएं केवल कागजों में पूरी नहीं दिखें, उनका लाभ धरातल पर भी नजर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
जनता को नहीं लगाना पड़े चक्कर
जिला समन्वय समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। क्षेत्र में पदस्थापित अधिकारी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लें और समय पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी विभागों के पदाधिकारी आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करें।
कई विभागों के काम की समीक्षा
बैठक में ग्रामीण विकास, राजस्व, कल्याण, पंचायती राज, आइसीडीएस, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, अल्पसंख्यक कल्याण, श्रम, जीविका, पथ निर्माण, विद्युत, पीएचईडी, नगर विकास, एलएईओ, मत्स्य, जल संसाधन, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण और खेल विभाग समेत अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली।
जमीन के पेंच से न अटके काम
विभिन्न योजनाओं के लिए जमीन की उपलब्धता, अनापत्ति प्रमाणपत्र, सीमांकन और अतिक्रमण हटाने से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। प्रखंड स्तरीय विभागीय पदाधिकारी और अंचल अधिकारी आपस में समन्वय कर ऐसे मामलों का समाधान कराएंगे। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी इसकी निगरानी करेंगे, जबकि अपर समाहर्ता पूरे मामले का अनुश्रवण करेंगे।
29 कन्या विवाह मंडप का निर्माण
डीएम ने विभिन्न पंचायतों में शिलान्यास किए गए 29 कन्या विवाह मंडपों के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।
40 सड़क-पुल की नियमित निगरानी
जिले में करीब 40 सड़क, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। डीएम ने कहा कि इन योजनाओं से जिले की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी डीडीसी को सौंपी गई है।
पेंशन व छात्र योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में जल-जीवन-हरियाली अभियान, वीबी जी राम जी, समरसता संकल्प अभियान, विद्यार्थी सहयोग शिविर और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
