मुजफ्फरपुर में इंटर की परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर चाकू से हमला, बदमाशों ने गर्दन व पीठ पर किया वार
Bihar Crime News Today: मुजफ्फरपुर में इंटर की जांच परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार तीन नकाबपोश ...और पढ़ें

हमला इतना अचानक हुआ कि छात्राओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। (AI Generated Image)
संवाद सहयोगी, मोतीपुर (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
बरुराज थाना क्षेत्र के छत्रपति चोरबन पुलिया के पास सोमवार को बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने इंटर की जांच परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं पर चाकू से हमला कर दिया।
साइकिल से जा रही थीं स्कूल
दोनों छात्राएं उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मनोहर छपड़ा में इंटर की टेस्ट परीक्षा देने साइकिल से जा रही थीं। हमला इतना अचानक हुआ कि छात्राओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश कमालपुर गांव की तरफ भाग निकले।
अस्पताल में कराया गया इलाज
हमले में एक छात्रा की गर्दन व पीठ और दूसरी के हाथ में चाकू लगा है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों की मदद से दोनों को मोतीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
थानाध्यक्ष ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जख्मी छात्राओं के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और भागने के रास्तों की छानबीन कर रही है।
हमले के कारणों की तलाश
छात्राओं ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने पीछे से आकर अचानक चाकू मार दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
