मुजफ्फरपुर में चलते टैंकर से अचानक लीक होने लगी CNG, पुलिस की घंटों मशक्कत के बाद टला खतरा
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर-सरैया पथ पर एक चलते सीएनजी टैंकर से अचानक गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। पुलिस और ...और पढ़ें

इसमें एआई जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
चलते सीएनजी टैंकर से अचानक गैस रिसाव शुरू हुआ।
पुलिस और चालक ने एक घंटे में रिसाव रोका।
कोई हताहत नहीं, बड़ा हादसा टल गया।
संवाद सहयोगी, मोतीपुर (मुजफ्फरपुर)। दोपहर में सड़क से गुजर रहे सीएनजी टैंकर से अचानक गैस का तेज रिसाव शुरू हुआ तो आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। रिसाव की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण सहम गए और सुरक्षा के लिए अपने-अपने घरों में चले गए।
सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। सूचना मिलते ही कथैया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की मदद से रिसाव रोकने में जुट गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद खुले वाल्व को बंद कर गैस रिसाव पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अचानक शुरू हुआ गैस का रिसाव
घटना रविवार दोपहर कथैया थाना क्षेत्र के दिस्तौलिया गांव के समीप मोतीपुर-सरैया पथ की है। बताया जाता है कि सीएनजी लोड टैंकर सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान टैंकर की एक टंकी से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों का ध्यान उसकी ओर चला गया।
सड़क पर मची अफरातफरी
गैस के तेजी से निकलने के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए धुंध जैसा वातावरण बन गया। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। किसी अनहोनी की आशंका में ग्रामीण घरों में चले गए। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन रोक दिया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति पैदा न हो।
पुलिस ने चालक की मदद से रोका रिसाव
सूचना मिलते ही कथैया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में टैंकर के चालक से खुले वाल्व को बंद कराने का प्रयास किया गया। करीब एक घंटे तक मशक्कत के बाद वाल्व बंद कर दिया गया और गैस का रिसाव पूरी तरह रोक दिया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची
घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया। रिसाव बंद होने के बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थिति सामान्य होने पर सड़क पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू करा दी गई।
समय रहते टला बड़ा खतरा
थानाध्यक्ष ने बताया कि टैंकर की एक टंकी से गैस रिसाव हुआ था। समय रहते खुले वाल्व को बंद कर दिया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
