मुजफ्फरपुर के चक्कर मैदान में 1 से 10 फरवरी 2027 तक सेना भर्ती रैली, तैयारियां तेज
Bihar Army Recruitment Rally 2027: मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक चक्कर मैदान में 1 से 10 फरवरी 2027 तक सेना भर्ती रैली ...और पढ़ें

इस महाअभियान के सफल और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अभी से ही कमर कस ली है।
HighLights
मुजफ्फरपुर में 1 से 10 फरवरी 2027 तक सेना भर्ती रैली।
जिला प्रशासन ने रैली की तैयारियों को युद्ध स्तर पर शुरू किया।
चिकित्सा, सुरक्षा, आवास और परिवहन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Army Rally 2027 Chakkar Maidan: मुजफ्फरपुर के एतिहासिक चक्कर मैदान स्थित सेना भर्ती कार्यालय (ARO) में नए साल 2027 के फरवरी महीने में युवाओं के लिए बड़ा अवसर आने वाला है।
चक्कर मैदान में 1 से 10 फरवरी 2027 तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच (मेडिकल टेस्ट) भी की जाएगी।
इस महाअभियान के सफल और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अभी से ही कमर कस ली है और युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सभी इंतजाम पूरे करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी (DM) कुमार गौरव ने तमाम संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए 25 जनवरी 2027 तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने को कहा है।
इस संबंध में डीएम ने नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, भवन प्रमंडल, पीएचईडी (PHED) और विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आधिकारिक पत्र जारी किया है।
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक (भर्ती) कर्नल एसआरडी जाधव द्वारा प्रशासनिक सहयोग के लिए पत्र भेजे जाने के बाद यह निर्देश जारी किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बैठक की तैयारी
भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए जिला सामान्य प्रशाखा के प्रभारी वरीय उप समाहर्ता को सभी संबंधित विभागों के साथ आपसी समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
सेना भर्ती कार्यालय की ओर से भी इस संबंध में संयुक्त समन्वय बैठक की तिथि जल्द तय करने का आग्रह किया गया है।
चिकित्सा और सुरक्षा पर विशेष जोर
प्रशासन की ओर से भर्ती प्रक्रिया के दौरान चिकित्सा, सुरक्षा, आवासन, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए विस्तृत संसाधनों का खाका तैयार कर लिया गया है:
- चिकित्सा एवं सुरक्षा: रैली स्थल पर एक चिकित्सक, दो एंबुलेंस और तीन नर्सिंग सहायकों की तैनाती के साथ-साथ अग्निशमन वाहन, सीसीटीवी कैमरे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) की मुकम्मल व्यवस्था होगी।
- दस्तावेज सत्यापन: अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, चरित्र, जाति और आवासीय प्रमाण पत्रों के त्वरित सत्यापन के लिए अलग से प्रशिक्षित कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
- आवासन और अन्य सुविधाएं: दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के लिए टेंट, बिस्तर, शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय, स्नानघर और भोजन-पैकेट की व्यवस्था का आकलन किया गया है।
- परिवहन एवं स्वच्छता: अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए बसों, सामान ढोने वाले वाहनों के साथ-साथ चक्कर मैदान परिसर में साफ-सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के इस सख्त और समयबद्ध रुख से साफ है कि इस बार की सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
