विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में दो बसों की आमने-सामने टक्कर; चालक की मौत, दर्जनों घायल, अचानक मची चीख-पुकार

Published: Wed, 02 Sep 2026 07:10 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मुख्य सड़क पर बुधवार को दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई और चार दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में दो बसों की आमने-सामने भीषण टक्कर।

  2. एक बस चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत।

  3. चार दर्जन से अधिक यात्री घायल, कई गंभीर हालत में।

संवाद सहयोगी, औराई (मुजफ्फरपुर)। मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मुख्य सड़क पर बुधवार की दोपहर एक तेज आवाज के साथ दो बसें आमने-सामने टकरा गईं।

हादसा इतना भीषण था कि एक बस के चालक का पैर स्टेयरिंग के पास फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बसों में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

कई यात्री जान बचाने के लिए सामान छोड़कर बसों से बाहर भागे। हादसे में चार दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को एसकेएमसीएच रेफर किया गया है।

हल्की बारिश के बाद सड़क हुई फिसलन भरी

घटना औराई थाना क्षेत्र में एनएच-22 पर गोपालपुर और बेदौल टोला के बीच बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले हल्की बारिश हुई थी।

बारिश के कारण टू-लेन सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। इसी दौरान सीतामढ़ी से मुजफ्फरपुर होते हुए पटना जा रही सरोवर ट्रेवल्स की बस बेदौल टोला के समीप एक पुल के पास सड़क के दाहिने हिस्से में आ गई।

सामने से आ रही बस से भिड़ंत

इसी दौरान मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी की ओर जा रही गिरिजा ट्रेवल्स की बस सामने आ गई। दोनों बसों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही पल में दोनों बसों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई और लोग किसी तरह बस से बाहर निकलने लगे।

स्टेयरिंग में फंसा चालक, नहीं बच सकी जान

हादसे में गिरिजा ट्रेवल्स के चालक का पैर स्टेयरिंग के पास बुरी तरह फंस गया। वह काफी देर तक वाहन में फंसा रहा और उसकी मौत हो गई। मृत चालक की पहचान सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी अजीत शर्मा के रूप में हुई है। वह बजरंगी शर्मा का पुत्र था।

कटर और जेसीबी से निकाला शव

चालक के बस में फंसे होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बेदौल ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। कटर और जेसीबी की मदद से बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

दूसरी बस का चालक फरार

हादसे के बाद सरोवर ट्रेवल्स का चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे के कारण कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।

चार दर्जन से अधिक यात्री घायल

दोनों बसों में सवार चार दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों में सीतामढ़ी के रंजीत सहनी, मुजफ्फरपुर की रेखा देवी और बथुआ निवासी कामेश्वर राम समेत कई लोग शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर घायलों का इलाज शुरू कराया गया। गंभीर स्थिति वाले कई घायलों को आनन-फानन एसकेएमसीएच भेजा गया, जबकि कुछ घायलों ने निजी क्लिनिक में उपचार कराया।

रेलिंग ने टलाया बड़ा हादसा

हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क किनारे लगी रेलिंग ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। यदि रेलिंग नहीं होती तो टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में गिर सकती थी। ऐसी स्थिति में हादसा और भयावह हो सकता था।

सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार

दो बसों की टक्कर के बाद एनएच-22 के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटनाग्रस्त बसों के सड़क पर रहने के कारण कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर बेदौल ओपी की पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

बारिश के बाद बढ़ी फिसलन, हादसे ने मचाई चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हल्की बारिश के बाद सड़क पर फिसलन और दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर ने कुछ ही सेकंड में सफर को मातम और अफरातफरी में बदल दिया।

हादसे में एक चालक की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल होकर अस्पताल पहुंच गए। सड़क किनारे लगी रेलिंग ने हालांकि बस को खाई में जाने से रोककर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।