मुजफ्फरपुर में बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करने वाले थानेदार समेत आठ पुलिसकर्मियों पर वारंट
मुजफ्फरपुर में बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करने वाले आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ अदालत ने जमानती वारंट जारी किया है। ...और पढ़ें

HighLights
आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी हुआ।
बाइक चोरी गिरोह मामले में गवाही के लिए नहीं पहुंचे।
अदालत ने एसएसपी को उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Bike Theft Case: बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस अपनी ही दर्ज प्राथमिकी में गवाही देने से कतरा रही है।
ब्रह्मपुरा थाना से जुड़े मामले में गवाही के लिए अदालत में उपस्थित नहीं होने पर एडीजे-11 की अदालत ने आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है।
वारंट तत्कालीन थानाध्यक्ष एसआइ मो. आलम, एसआइ पप्पू कुमार, एसआइ अभिषेक कुमार गुप्ता, एसआइ ददन सिंह, जांच अधिकारी सरोज कुमार मंडल, सिपाही सोनू कुमार, आशीष कुमार और मो. अबरार अंसारी के खिलाफ जारी किया गया है।
अदालत ने एसएसपी को आदेश दिया है कि अगली सुनवाई 30 सितंबर को सभी गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
समन के बाद भी नहीं पहुंचे गवाह
मामले में सुनवाई के दौरान गवाही के लिए समन जारी होने के बावजूद संबंधित पुलिसकर्मी अदालत में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद अदालत ने सख्ती दिखाते हुए सभी आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया।
यह मामला बाइक चोरी गिरोह के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। मामले में सात आरोपितों के खिलाफ दो सेशन ट्रायल चल रहे हैं।
चेकिंग के दौरान पर्दाफाश
24 सितंबर 2023 की शाम तत्कालीन थानाध्यक्ष मो. आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम जुरन छपरा इलाके में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बिना नंबर की पल्सर और होंडा शाइन बाइक पर सवार छह युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने पल्सर बाइक सवार मो. जावेद (22) और मो. फैजल (20) को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए।
मास्टर चाबी से चोरी, नेपाल में बिक्री
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के पास से घिसी हुई मास्टर चाबियां और मोबाइल बरामद किए गए थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया था कि वे मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करते थे। इसके अलावा रास्ते में राहगीरों से मोबाइल छीनने की बात भी स्वीकार की थी।
पुलिस के अनुसार, चोरी की बाइक और छीने गए मोबाइल सीतामढ़ी के साजन कुमार के माध्यम से नेपाल में बेचे जाते थे। गिरोह के सदस्य पूछताछ में 300 से 350 बाइक और मोबाइल नेपाल में खपाने की बात बता चुके थे।
सात आरोपितों पर चल रहा ट्रायल
पुलिस ने गिरफ्तार मो. जावेद और मो. फैजल के अलावा फरार मो. सोनू, सीतामढ़ी जिले के डुमरा निवासी मो. मुस्ताक और मो. सोहेल, अहियापुर निवासी दिलीप सहनी तथा सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र निवासी साजन कुमार को नामजद आरोपित बनाया था।
साजन कुमार पर चोरी के वाहनों और मोबाइल को रिसीव कर नेपाल में बिक्री कराने का आरोप है। अब इस मामले में पुलिसकर्मियों की गवाही महत्वपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन उनके अदालत में उपस्थित नहीं होने से सुनवाई प्रभावित हो रही है।
