मुजफ्फरपुर का प्राचीन मंदिर बनेगा गणिनाथ धाम, पर्यटन मंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणा
पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने मुजफ्फरपुर के बाबा गणिनाथ धाम के विकास की घोषणा की है। अब यह प्राचीन मंदिर ...और पढ़ें

गोविंदपुरी बीबीगंज में श्री बाबा गणिणाथ गोविंद जी महाराज की जयंती समारोह में ध्वजारोहण करते पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता। फोटो: स्वयं
HighLights
पर्यटन मंत्री ने बाबा गणिनाथ धाम के विकास की घोषणा की।
प्रतिवर्ष तीन दिवसीय राजकीय बाबा गणिनाथ महोत्सव आयोजित होगा।
मंदिर परिसर में बुनियादी ढांचे का विस्तार और पोखर का जीर्णोद्धार।
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Baba Ganinath Dham Muzaffarpur: बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज के वार्षिक पूजन महोत्सव के अवसर पर गोविंदपुरी, बीबीगंज स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया गया।
इस पावन मौके पर पूजा-अर्चना के बाद बिहार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने स्थल के कायाकल्प को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं।
उन्होंने घोषणा की कि पर्यटन विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष यहां तीन दिवसीय राजकीय बाबा गणिनाथ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
तीर्थ स्थल का विकास
पर्यटन मंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक महत्व वाले बीबीगंज के प्राचीन मंदिर को अब भव्य बाबा गणिनाथ धाम के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसके तहत मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा। इसके साथ ही परिसर में स्थित जर्जर ऐतिहासिक पोखर का पूर्ण जीर्णोद्धार कराकर उसे आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

सामाजिक सद्भाव का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद महाराज के आदर्श और उनके विचार समस्त समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।
ऐसे पवित्र धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और महान संतों के जीवन दर्शन से जोड़ना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मेले और भंडारे का आयोजन
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विशाल भंडारे, भक्तिमय सांस्कृतिक संध्या, सम्मान समारोह और पारंपरिक मेले का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
इन कार्यक्रमों में दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर बाबा गणिनाथ के जयकारों और धार्मिक भजनों से गुंजायमान रहा।
कई गणमान्य लोग उपस्थित
इस भव्य आयोजन में नगर निगम की मेयर निर्मला देवी, उपमेयर डॉ. मोनालिसा, पूर्व मंत्री प्रमोद गुप्ता और पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा राष्ट्रीय कानू संघ के अध्यक्ष आदित्य कुमार उर्फ विकास गुप्ता, वरीय चिकित्सक डॉ. निशिंद्र किंजल्क, प्रो. सुरेश साह, अमिताभ गुप्ता, जेठे गुप्ता, जगन्नाथ साह, रत्नेश गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, शानू गुप्ता, रोहित गुप्ता और जितेंद्र गुप्ता सहित कई प्रमुख प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
