विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : बैंक में है जरूरी काम तो जल्दी कर लें, सितंबर में लगातार 5 दिन बंद रहेंगी शाखाएं

Published: Tue, 15 Sep 2026 11:37 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में बैंक 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों के लिए बंद रहेंगे, जिसमें अवकाश और बैंक यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल शामिल है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. बैंक 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बंद रहेंगे।

  2. चौथा शनिवार, रविवार और तीन दिन की हड़ताल शामिल।

  3. पांच दिवसीय बैंकिंग और पीएलआई नीति मुख्य मांगें।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । बैंक से जुड़े जरूरी काम निपटाने वालों के लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह में परेशानी बढ़ सकती है। 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश रहेगा। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की है।

पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग

यूएफबीयू के संयोजक मनोरंजनम एवं उप संयोजक पंकज ठाकुर ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 12वें द्विपक्षीय समझौते के तहत प्रतिदिन 40 मिनट कार्य अवधि बढ़ाकर पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने पर भारतीय बैंक संघ (आइबीए) की सहमति बन चुकी है।

दो साल से अटका मामला

बैंक यूनियन नेताओं का कहना है कि आइबीए की सहमति के बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग का मामला केंद्र सरकार के स्तर पर पिछले दो वर्षों से लंबित है। इसे लागू करने की मांग लगातार उठाई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन काम होने से बैंक कर्मियों को भी अन्य क्षेत्रों की तरह बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा।

पीएलआइ नीति पर भी नाराजगी

यूनियन ने वित्त मंत्रालय की पीएलआइ नीति पर भी सवाल उठाया है। नेताओं के अनुसार स्केल-चार और उससे ऊपर के अधिकारियों को 365 दिनों तक के मूल वेतन के बराबर पीएलआइ दिया जा रहा है, जबकि स्केल-तीन तक के अन्य कर्मचारियों के लिए यह अवधि मात्र 15 दिनों की है। इसे कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करने वाला बताया गया है।

अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल

यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 28, 29 और 30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल होगी। इसके बाद आंदोलन के तीसरे चरण में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है। इससे बैंकिंग सेवाओं पर लंबे समय तक असर पड़ने की आशंका है।