मुजफ्फरपुर के बैरिया बस पड़ाव में बढ़ा शुल्क, अब पार्किंग के लिए देने होंगे 75 रुपये
मुजफ्फरपुर के बैरिया बस पड़ाव पर व्यावसायिक वाहनों से वसूले जाने वाले पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। अब ...और पढ़ें

बंदोबस्तदार अमर किशोर पांडेय को नई दरों पर वसूली के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bairiya Bus Stand Muzaffarpur: बैरिया बस पड़ाव पर व्यावसायिक वाहनों से वसूले जाने वाले पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी कर दी गई है।
अब बसों से प्रति खेप 50 रुपये के बजाय 65 रुपये शुल्क और 10 रुपये जीएसटी मिलाकर कुल 75 रुपये लिए जाएंगे।
वर्ष 2026-27 के लिए बंदोबस्तदार अमर किशोर पांडेय को नई दरों पर वसूली के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
समिति की बैठक में फैसला
जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित बैरिया बस पड़ाव स्थल समिति की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी प्रियंका सिन्हा ने बताया कि अन्य जिलों के टोल रेट्स की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया गया है।
पटना बस स्टैंड में 69.62 रुपये और दरभंगा में 50 रुपये प्रति खेप वसूली की जा रही है।
चार सदस्यीय कमेटी का प्रस्ताव
इसी आधार पर गठित चार सदस्यीय कमेटी ने शुल्क वृद्धि का प्रस्ताव दिया था, जिसे जून 2026 में जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया था। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल अधिकारी (पश्चिम) और कांटी के अंचल अधिकारी ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई, जिसके बाद नई दरों को लागू कर दिया गया।
ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने जताया विरोध
मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के जिला प्रवक्ता कामेश्वर महतो ने शुल्क में बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करते हुए इसे मनमाना आदेश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस स्टैंड में पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, और बस चालकों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। सुविधाओं के बिना शुल्क बढ़ाना सरासर गलत है।
