विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर का भगवानपुर-रामदयालु NH अब पुल निर्माण निगम के जिम्मे, 44 करोड़ से बनेगा सिक्स लेन

Published: Mon, 28 Sep 2026 04:44 AM (IST)

Six Lane Road Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर का भगवानपुर-रामदयालु एनएच अब बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को हस्तांतरित कर दिया गया है। ...और पढ़ें

फोरलेन सड़क को 44 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन में तब्दील किया जाएगा। फाइल फोटो

फोरलेन सड़क को 44 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन में तब्दील किया जाएगा। फाइल फोटो

HighLights

  1. भगवानपुर-रामदयालु NH पुल निर्माण निगम को हस्तांतरित।

  2. 44 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क बनेगी सिक्स लेन।

  3. ट्रैफिक जाम से मुक्ति, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं को लाभ।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bhagwanpur Ramdayalu NH Muzaffarpur: एनएचएआई (NHAI) ने भगवानपुर-रामदयालु एनएच को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को हस्तांतरित कर दिया है।

हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इस पथ की देखरेख, मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य पुल निर्माण निगम करेगा।

इस फोरलेन सड़क को 44 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन में तब्दील किया जाएगा। इसका टेंडर पूरा हो चुका है और नवरात्र के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

अतिक्रमण से मिलेगी मुक्ति

वर्तमान में यह सड़क फोरलेन है और इसके सर्विस लेन पर गैरेज संचालकों व भारी वाहनों का अवैध कब्जा रहता है। इसके कारण हर दिन भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है।

सिक्स लेन बनने से सर्विस लेन से अतिक्रमण पूरी तरह हटेगा और यातायात सुचारु होगा। इसके अलावा गोबरसही और रामदयालु में आरओबी का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसमें गोबरसही आरओबी का काम शुरू हो चुका है।

दो साल में काम पूरा

डुमरी-सकरी पथ का जीर्णोद्धार भी तेजी से चल रहा है। करीब दो वर्षों में आरओबी, सिक्स लेन सड़क और डुमरी-सकरी मार्ग बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएंगे।

इसके बनने के बाद पटना और हाजीपुर जाने वाले लोगों को एक सुगम व वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। यह मार्ग उत्तर बिहार के प्रवेश द्वार के रूप में मोतिहारी, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और समस्तीपुर को जोड़ने वाली प्रमुख लाइफलाइन है।

शहरवासियों को बड़े फायदे

सिक्स लेन सड़क बनने से मुजफ्फरपुर शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम से स्थाई राहत मिलेगी। भगवानपुर चौक और रामदयालु गुमटी पर बिना रुके भारी वाहन फ्लाईओवर से गुजर जाएंगे।

जिससे स्थानीय राहगीरों, स्कूल-कॉलेज के छात्रों और बाजार जाने वालों का समय बचेगा। साथ ही वाहनों के ईंधन की खपत कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।

व्यापार व इमरजेंसी में राहत

मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार का मुख्य व्यापारिक केंद्र है। सिक्स लेन बनने से रक्सौल बॉर्डर और पटना-दरभंगा रूट पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, जिससे व्यापार को रफ्तार मिलेगी।

वहीं एसकेएमसीएच या पटना के अस्पतालों में जाने वाली एंबुलेंस बिना जाम में फंसे समय पर पहुँच सकेंगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बड़ी राहत मिलेगी।