मुस्लिम देशों में मान्यता, बिहार सरकार को परहेज : शाहनवाज
पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि योग को जाति-धर्म एवं राजनीति के चश्मे से देखना बंद हो।
मुजफ्फरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि योग को जाति-धर्म एवं राजनीति के चश्मे से देखना बंद हो। इसका संबंध लोगों के स्वास्थ्य से है। पता नहीं बिहार सरकार को इससे क्या परहेज है, जबकि दुनिया के कई मुस्लिम देशों में योग को मान्यता है। बिहार सरकार के असहयोग के बावजूद राज्य भर में योग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त बातें उन्होंने बुधवार को एमएसकेबी प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद कहीं।
कहा कि बाबा रामदेव ने जहां योग को पहचान दिलाई, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश-दुनिया में स्थापित किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बावजूद सियासत करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं।
शिवहर की सांसद रामा देवी ने कहा कि योग से लोग निरोग हो रहे हैं। लेकिन बिहार सरकार योग को राजनीतिक रोग मान रही है। नगर विधायक सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि योग हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। हम इसे भूल रहे थे, लेकिन बाबा रामदेव ने इसे फिर से जीवित किया। इसके महत्व से लोगों को अवगत कराया। आज प्रधानमंत्री की पहल से योग न सिर्फ देश, बल्कि दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है। जिला भाजपा अध्यक्ष सह पूर्व विधायक रामसूरत राय ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है। भारत से शुरू होकर यह पूरी दुनिया में फैल चुका है। लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
जिला भाजपा के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। पतंजलि संस्था के योग गुरुओं, कौशल किशोर, नवल किशोर साह, संगीता एवं सुरभि ने योग के विभिन्न आसन्न कराए। कार्यक्रम में बोचहां विधायक बेबी कुमारी, पूर्व विधायक वीणा देवी, भाजपा नेता रविंद्र कुमार सिंह, भगवान लाल सहनी, डॉ. तारण राय, अंजू रानी, रेणु सिंह, केपी पप्पू, मनोज तिवारी, मीडिया प्रभारी प्रभात कुमार, महेश महतो, अजय कुशवाहा, अरुण कुमार सिंह, आरडीएस कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य अरुण कुमार सिन्हा, संगीता कुमार, राजेश रौशन, रवि गुप्ता आदि शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में पूर्व केंद्रीय मंत्री को सम्मानित किया गया।