सरेशाम किसान की गला काटकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम East Champaran News
पुरानी रंजिश को बताया जा रहा कारण। धारदार हथियार से गला काट दिया। जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गई। हत्यारों की खोज में जुटी पुलिस की टीम।
मोतिहारी, जेएनएन। पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थानाक्षेत्र के बासमनपुर सरेह में अज्ञात बदमाशों ने सोमवार को सरेशाम यहां के किसान रामायण महतो (60) की हत्या धारदार हथियार से गला काटकर कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी है। किसान के परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। घटना की जानकारी मिलने के साथ एसपी उपेंद्र शर्मा ने पुलिस की टीम को हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने का टास्क दिया है। एसपी से मिले निर्देश के आलोक में पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।
बताया गया है कि किसान रामायण महतो ढेकहां बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में अगरवा मसान से बासमनपुर जानेवाले पथ में सुनसान सरेह में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। धारदार हथियार से गला काट दिया। जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गई। खेत में बकरी चरा रहे लड़कों ने खेत में पड़े शव को देख गांव में जाकर घटना की सूचना दी। ग्रामीण पहुंचे तो देखा कि किसान की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे मुफस्सिल थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने परिजनों से आवश्यक जानकारी ली है।
जानकारी के आधार पर बदमाशों की खोज की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि इससे पहले पूर्व में होली के समय रामायण पर गांव के ही लोगों ने जानलेवा हमला किया था। जिसमें श्री महतो बूरी तहर जख्मी हो गए थे। पुलिस इस ङ्क्षबदु पर भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश में घटना हुई है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।
घटना के संबंध में मोतिहारी पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि किसान की हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामले में सही तथ्य सामने आ जाएंगे। हत्यारों की गिरफ्तारी समय रहते कर ली जाएगी।