दर्दनाक: जीजा-साली के बीच हंसी मजाक को देख बौखलाया भाई, कर दी बहन की हत्या
बहन को बचाने गई मां पर भी किया वार, घायल मां की हालत गंभीर, रेफर, बगहा के नगर थाना के खिरिया मच्छरगांवा में हुई यह घटना।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जीजा-साली के बीच हंसी मजाक को देखकर भाई बौखला गया। इसके बाद भाई ने बहन की बकुआ से काटकर हत्या कर दी। यह दर्दनाक घटना पश्चिम चंपारण के बगहा में हुई है। मृतका भागवानी कुमारी (19 वर्ष) है। बड़ी बहन की सगाई के बाद भाई ने अपनी छोटी बहन को बकुआ से काटकर मार डाला। इस घटना को अंजाम देने वाला भाई रामाकांत बीन है। बेटी को बचाने के लिए गई मां पर भी बकुआ से वार किया। घायल मां राधिका देवी है। घायल अवस्था में पीड़ित मां को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया है। घटना के बाद आरोपित बकुआ लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने मृतका भागवानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में मृतका की घायल मां के बयान पर आरोपित पुत्र रामाकांत के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष मो. अयूब ने बताया कि सुग्रीम बीन की तीन पुत्रियां है। बड़ी पुत्री संगीता देवी की शादी बेतिया जिले के शनिचरी में हुई है।
संगीता से छोटी बेटी शांति की सगाई में संगीता अपने पति के साथ मायके आई थी। सगाई की धूमधाम में संगीता के पति दीनानाथ बीन व उसकी सबसे छोटी साली भागवानी के हंसी ठिठोली हो रही थी। यह आरोपित भाई को नागवार लगी। उसने अपनी छोटी बहन व बड़े बहनोई दोनों को डांट फटकार किया। इसी को लेकर सगाई खत्म होने के बाद भागवानी और रामाकांत के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि रामाकांत ने गुस्से में बकुआ निकाल लिया और बहन भागवानी के माथे पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।
भागवानी बचाव के लिए चिल्लाई तो उसकी मां राधिका देवी दौड़ कर आई । आरोपित के माथे पर खून सवार था। वह पहले बहन को मौत के घाट उतारा । फिर बचाव में आई मां पर भी जानलेवा हमला किया। जिसमें उसके बांये हाथ पर गहरा जख्म है। मृतका की मां का कहना है कि रामाकांत बहन की हत्या और मुझ पर जानलेवा हमला करने के बाद बकुआ लेकर घर से फरार हो गया।
बगहा एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि बेहद मार्मिक घटना है। बहन की भाई ने हत्या की है। बचाव के लिए आई मां पर भी जानलेवा हमला किया है। इस आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।