बिहार: सात निश्चय योजना में डेढ़ लाख रुपये घूस ले रहा था मुखिया, निगरानी की टीम ने दबोचा
लाख अंकुश के बाद भी भ्रष्टाचार कम नहीं हो रहा है। इस बार घुसखोर मुखिया को गिरफ्तार किया गया है। वह सात निश्चय योजना में डेढ़ लाख रुपये घूस ले रहा था। तभी टीम ने उसे दबोच लिया।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। लाख अंकुश के बाद भी भ्रष्टाचार कम नहीं हो रहा है। इस बार घुसखोर मुखिया को गिरफ्तार किया गया है। मुखिया कामेश्वर कुमार सात निश्चय योजना में डेढ़ लाख रुपये घूस ले रहा था। तभी निगरानी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोचा। निगरानी की टीम पटना से माेतिहारी (पूर्वी चंपारण) आई हुई थी। गिरफ्तारी के बाद टीम मुखिया को अपने साथ लेते गई।
बताया जाता है कि नीतीश सरकार की अति महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना में मुखिया कामेश्वर कुमार घूस मांग रहा था। हर घर नल का जल कार्य में कमीशन मांगने का वार्ड सदस्य उपेंद्र सहनी ने विरोध किया, लेकिन इसका मुखिया पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। तब विवश होकर वार्ड सदस्य उपेंद्र सहनी ने इसकी शिकायत निगरानी की टीम से की।
वार्ड सदस्य उपेंद्र सहनी की शिकायत को निगरानी विभाग ने काफी गंभीरता से लिया। टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया। टीम ने सत्यापन करने के बाद अपना जाल बिछाया। इसमें मुखिया कामेश्वर कुमार लोभ में फंस गया। इस दौरान शुक्रवार के अपराह्न प्रखंड परिसर में बीडीओ आवास के सामने घूस लेते मुखिया को निगरानी टीम ने दबोच लिया। निगरानी की टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई। इसके बाद प्रखंड परिसर में इसको लेकर चर्चा शुरू हुई।