समस्तीपुर में अपराधियों ने रतवारा पंचायत के मुखिया को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत Samastipur News
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतवारा पंचायत के मुखिया की हत्या। अपराधियाें देर शाम घर के समीप मुखिया को मार दी गोली। डीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई मौत।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतवारा पंचायत के मुखिया मोहम्मद शफी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब आठ बजे मुखिया अपने दरवाजे पर थे। इसी बीच अपराधियों ने मुखिया पर फायरिंग कर दी। पहली गोली से तो वे किसी प्रकार बच गए और भागने लगे। उसी बीच दूसरी गोली उनके सीने के दाहिने भाग में लग गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए।
परिजनों के द्वारा आननफानन दरभंगा के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखकर डीएमसीएच ले जाने की सलाह दी। फिर डीएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। लेकिन, इलाज शुरू होते ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद कल्याणपुर थाना अध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह समेत काफी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व जवान घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की खोज-खबर ली।