Muzaffarpur Crime: अहियापुर में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े मुखिया पति को गोलियां से भूना; हालत गंभीर
Muzaffarpur Crime अहियापुर की बाड़ा जगरनाथ पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति प्रकाशचंद्र यादव (50) पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह सड़क किनारे गड्ढे में गिर गए। आसपास के लोगों व स्वजन ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। अहियापुर की बाड़ा जगरनाथ पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति प्रकाशचंद्र यादव (50) को बदमाशों ने खदेड़कर तीन गोलियां मारीं। यह घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई। उस समय वह बाड़ा जगरनाथ मुहल्ला के प्रकाश निकेतन पथ की ढलाई करा रहे थे। दोपहर में मजदूर खाना-खाने चले गए तो वह एक सहयोगी टुनटुन सहनी के साथ बाइक से पान खाने के लिए चौक की ओर निकले। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनपर पिस्टल तान दी। इससे बचने के लिए वह बाइक से भागे तो बदमाशों उन्हें खदेड़ते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब सात-आठ राउंड फायरिंग की गई। इसमें उन्हें दो गोलियां पेट में व एक पैर में लगी है।
गोली लगने के बाद वह सड़क किनारे गड्ढे में गिर गए। आसपास के लोगों व स्वजन ने गंभीर स्थिति में उन्हें बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां आइसीयू में उपचार चल रहा है। अहियापुर थानाध्यक्ष मुस्तफा कमाल कैसर ने बताया कि घटनास्थल के पास से नाइन एमएम पिस्टल का एक खोखा मिला है। मुखिया पति या स्वजन का अभी बयान नहीं मिला है। बयान मिलने के बाद ही घटना के कारणों का पता चलेगा।
घर आए दो युवकों के घटना को अंजाम देने का दावा
मुखिया के पति प्रकाशचंद्र यादव ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब 25 व 30 वर्ष के दो युवक घर पहुंचे। अपने को अहियापुर के चकमोहब्बत मुहल्ले का निवासी बताया। कहा कि आधार कार्ड बनवाना है। इसके लिए आवासीय प्रमाणपत्र की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने बताया कि आवासीय प्रमाणपत्र अब आनलाइन बनता है। अंचल कार्यालय से यह प्रमाणपत्र आनलाइन बनेगा। मुखिया पति ने दावा किया कि सुबह में घर पर आए दोनों युवकों ने ही उन्हें गोली मारी है।
प्रकाशचंद्र बोले-नहीं है किसी से दुश्मनी
उन्होंने आशंका जताई कि सुबह दोनों आवासीय प्रमाणपत्र बनवाने के बहाने घर पर ही गोली मारने आए थे। वहां और लोगों के मौजूद रहने से मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि पहली बार पत्नी ललिता देवी बाड़ा जगरनाथ पंचायत की मुखिया बनी हैं। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। उन्हें किसी ने अब तक धमकी भी नहीं दी थी। पुलिस उपाधीक्षक (नगर)राघव दयाल ने बताया कि अहियापुर में कटरा के युवक व मुखिया के पति को गोली मारने की घटना की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह की संलिप्तता है या नहीं। पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।