विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एमआईटी मुजफ्फरपुर में एमफार्मा की पढ़ाई का रास्ता साफ, फार्मासिस्ट दिवस पर हुई बड़ी घोषणा

Published: Fri, 25 Sep 2026 10:39 PM (IST)

Bihar Pharmacy Education: एमआईटी मुजफ्फरपुर में विश्व फार्मासिस्ट दिवस धूमधाम से मनाया गया, जहाँ एमफार्मा कोर्स शुरू होने की घोषणा ...और पढ़ें

कार्यक्रम के दौरान एमआइटी के प्राचार्य प्रो. एमके झा ने छात्रों को बड़ी खुशखबरी दी। फाइल फोटो

कार्यक्रम के दौरान एमआइटी के प्राचार्य प्रो. एमके झा ने छात्रों को बड़ी खुशखबरी दी। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। MPharm Course MIT: मुजफ्फरपुर स्थित मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) के फार्मेसी विभाग में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि और बिहार के राज्य औषधि नियंत्रक नित्यानंद किशन ने स्वास्थ्य सेवा में फार्मासिस्टों के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि टीकों की खोज से लेकर जीवनरक्षक दवाओं के निर्माण तक फार्मासिस्टों की भूमिका बेहद अहम रही है।

पर्सनलाइज्ड मेडिसिन का बढ़ेगा क्रेज

एमआइटी के ही 1990 बैच के पूर्व छात्र रहे राज्य औषधि नियंत्रक ने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों और नई तकनीकों से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फार्मेसी के क्षेत्र में टारगेटेड ड्रग डिलीवरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और पर्सनलाइज्ड मेडिसिन का बोलबाला रहेगा।

पर्सनलाइज्ड मेडिसिन के माध्यम से मरीजों की विशिष्ट शारीरिक जरूरतों और जींस के आधार पर सटीक इलाज और दवाओं का चयन किया जा सकेगा।

एमफार्मा की पढ़ाई का रास्ता साफ

कार्यक्रम के दौरान एमआइटी के प्राचार्य प्रो. एमके झा ने छात्रों को बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में जल्द ही उच्च शिक्षा के लिए एमफार्म (M.Pharm) की पढ़ाई शुरू करने की दिशा में रास्ता पूरी तरह साफ होता नजर आ रहा है।

इसके साथ ही समस्तीपुर के अपर औषधि नियंत्रक शंभूनाथ ठाकुर और अपर औषधि नियंत्रक उदय बल्लभ ने भी अपने अनुभव साझा किए और छात्रों के करियर से जुड़े सवालों के जवाब दिए।

छात्रों ने सौंपा मांग पत्र

कार्यक्रम के समापन पर फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. रजनीश की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने राज्य औषधि नियंत्रक को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें बिहार में फार्मासिस्टों की नई भर्ती, समय पर प्रोन्नति और सेवा नियमावली को शीघ्र लागू करने की मांग की गई।

इस दौरान पोस्टर प्रेजेंटेशन, क्विज, नुक्कड़ नाटक और रील मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं, जिसमें सफल विजेताओं को सम्मानित किया गया।