पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में Mother dairy के Executive को मारी गोली, हालत गंभीर Muzaffarpur News
पटना जिला के भुवापुर निवासी हैं संजीत कुमार सिन्हा। बैग लूट भाग निकले बदमाश पेट में लगी है गोली। मोतिहारी के निजी नर्सिंग होम में चल रहा इलाज।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पूर्वी चंपारण के कोटवा थानाक्षेत्र के मठबनवारी स्थित मदर डेयरी के एक सेल्स एक्सक्यूटिव संजीत कुमार सिन्हा को रविवार की रात अज्ञात अपराधियों ने पीपराकोठी थानाक्षेत्र से निकली एनएच-28 पर मधुछपरा के समीप गोली मार दी। संजीत को गोली मारने के बदमाश कर्मी से उनका बैग लूटकर भाग निकले।
स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल जख्मी कर्मचारी को मोतिहारी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी चिकित्सा चल रही है। वे पटना जिला केहरनवत थानाक्षेत्र के भुवापुर के निवासी हैं। हाल में उत्तर प्रदेश से बदलकर यहां आए थे। मोतिहारी के अंबिकानगर में रहकर नौकरी करते थे। रविवार से उनकी ड्यूटी द्वितीय पाली के रात में 10 बजे से थी। ड्यूटी के निमित वे मोतिहारी स्थित अपने आवास से निकले। डेयरी जाने के पहले ही एनएच-28 पर मधुछपरा के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार उनका बैग लूट लिया। गोली लगने के बाद जख्मी श्री सिन्हा ने अपने सहयोगी को फोन से घटना की जानकारी देने की कोशिश की। लेकिन, बेहोश हो गए। इस बीच एक राहगीर ने कर्मचारी के बज रहे मोबाइल से सहयोगी कर्मचारी को गोली लगने की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कर्मी को अस्पताल पहुंचाया। उनको पेट में गोली लगी है। सर्जरी के बाद उसे निकाल दिया गया है। हालांकि, स्थिति अबतक चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम बनाकर अपराधियों की खोज शुरू की है। ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। लेकिन, कोई ठोस उपलब्धि घटना के घंटों बाद तक नहीं मिली है।
कंपनी इलाज को तत्परत
मदर डेयरी की स्थानीय यूनिट इंचार्ज अनुपम कुमार ने बताया कि जख्मी कर्मचारी संजीत कुमार सिन्हा रविवार को रात में 10:00 बजे ड्यूटी के लिए आ रहे थे। इसी दौरान उन्हें गोली मारपी गई है। कंपनी उनके इलाज के लिए तत्पर है। उधर, पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने दूरभाष पर घायल कर्मचारी का हाल जाना है। एसपी से त्वरित कार्रवाई के लिए बात की है।
पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मचा है। पत्नी उर्मिला सिन्हा, पुत्र प्रीत कुमार (10) व स्वरांश कुमार(7) नर्सिंग होम में पहुंचे हैं। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोग उन्हें संभालने में लगे हैं। इस बारे में मोतिहारी के पुलिस उपाधीक्षक मुरली मनोहर मांझी ने कहा कि मामले की जानकारी होने के साथ अपराधियों की खोज में छापेमारी की जा रही है। समय रहते बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। संजीत से एक बैग लूटा गया है। बाइक व सेलफोन उनके पास है।