पश्चिम चंपारण में बरात से लौट रही बोलेरो ने चार को रौंदा, मां- बेटे की मौत
घायल दो बच्चों को इलाज के लिए रामनगर पीएचसी में कराया गया भर्ती। बोलेरो छोड़कर चालक और बराती फरार। शव रखकर ग्रामीण कर रहे प्रदर्शन।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। पश्चिम चंपारण में बरात से लौट रही एक बोलेरो ने रविवार की अल सुबह में घर में सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों को रौंद दिया। इस दौरान घायल मां- बेटे की मौत इलाज के लिए बेतिया ले जाने के रास्ते में हो गई। जबकि घटना में घायल दो बच्चों को उपचार के लिए रामनगर पीएचसी में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मरने वालों में दसरथ राम एवं मेवाती देवी है। घटना बगहा अंतर्गत रामनगर प्रखंड के कुम्हिया खुद गांव की है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
करीब चार घंटे शव को घेर कर ग्रामीण खड़े रहे और पुलिस समझाती रही। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि बेलवा संतपुर मुख्य सड़क में कुम्हिया खुर्द गांव में रविवार की सुबह एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बनी झोपड़ी में घुस गई। झोपड़ी में सो रहे कुम्हिया गांव निवासी दशरथ राम (40) एवं उसकी माता मेवाती (65) और दो बच्चे राजबली राम (11) एवं सुनीता कुमारी (08) घायल हो गए।
ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था। रास्ते में दसरथ राम एवं मेवाती देवी की मौत हो गई। बोलेरो में सवार बराती और चालक मौके पर बोलेरो छोड़ कर फरार हो गए हैं। बोलेरो जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 09सी 8256 है। किसी बरात से बारातियों को लेकर संतपुर की तरफ से लौट रहा था। पुलिस बोलेरो की पहचान कराने में जुटी है।