सदर अस्पताल के एईएस वार्ड में उपलब्ध होंगी आधुनिक सुविधाएं Muzaffarpur News
दो करोड़ की लागत से उपलब्ध कराए जाएंगे उपकरण। पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की राज्य विशेषज्ञ आकलन समिति ने की अनुशंसा।
मुजफ्फरपुर, [मो. शमशाद]। जिले के मासूमों को एईएस से बचाने के लिए पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से भी एक पहल की गई है। इसके तहत सदर अस्पताल के एईएस वार्ड में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परदो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की राज्य विशेषज्ञ आकलन समिति (एसईएसी) ने इस आशय का प्रस्ताव तैयार किया है। इतना ही नहीं, समिति ने जागरूकता अभियान भी चलाने का निश्चय किया है।
शहर से लेकर गांव तक बैनर, पोस्टर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस मद में पांच लाख खर्च किए जाएंगे। सदर अस्पताल के एईएस वार्ड में उपचार की सुविधाएं बढ़ाने के लिए संबंधित कार्य एजेंसी, जिलाधिकारी, सिविल सर्जन व अन्य के साथ बैठक कर कार्य योजना तैयार करेगी। उसके अनुरूप ही उपकरण व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। समिति ने पौधरोपण पर भी फोकस किया है। पर्यावरण संरक्षण को महत्व देते हुए इस मद में 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
छह माह के अंदर शुरू हो जाएगा काम
सदर अस्पताल के एईएस वार्ड में सुविधाएं बढ़ाने की जिम्मेदारी एक एजेंसी को दी गई है। जिसे छह माह के अंदर कार्य योजना बनाकर उस पर अमल करने का निर्देश दिया गया है। विशेष वार्ड में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से उपचार में सुविधा होगी। इतना ही नहीं एसकेएमसीएच का दबाव भी थोड़ा कम होगा। इस बावत राज्य विशेषज्ञ आकलन समिति के चेयरमैन मुरारी जी मिश्रा ने कहा कि एईएस से बचाव के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पर दो करोड़ 55 लाख रुपये खर्च होंगे।