समस्तीपुर में मिशन परिवार विकास की शुरुआत 14 जनवरी से, 21 से 31 तक चलेगा परिवार नियोजन सेवा सप्ताह
Samastipur News कार्यपालक निदेशक ने पत्र जारी कर दिया निर्देश आवश्यक सभी बिंदुओं पर कार्य। योग्य दंपत्ती को स्थायी एवं अस्थायी साधन अपनाने के लिए किया जाएगा जागरूक। 21 से 31 जनवरी तक चलेगा परिवार नियोजन सेवा सप्ताह।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले में 14 जनवरी से मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत की जाएगी। दो चरणों में यह अभियान 31 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान योग्य दंपती को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसको लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार डीएम व सिविल सर्जन को पत्र भेज निर्देश दिया है। जिसमें निर्धारित तिथि पर अभियान को हर हाल में शुरू करने का टास्क सौंपा गया है। इस अभियान को चलाने के लिए विभाग की ओर से मुहिम शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए आवश्यक सभी बिंदुओं पर कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
परिवार नियोजन सेवा सप्ताह का भी होगा आयोजन
सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि दो चरणों में चलने वाला मिशन परिवार विकास अभियान का पहला चरण 14 से 20 जनवरी तक होगा। इस दौरान दंपती संपर्क सप्ताह मनाया जाएगा। जबकि दूसरा चरण 21 से 31 जनवरी तक परिवार नियोजन सेवा सप्ताह के रूप में आयोजित होगा। दंपती संपर्क पखवाड़े के दौरान आमजन में जागरूकता लाने के लिए सही उम्र में शादी, शादी के बाद कम से कम दो साल के बाद पहला बच्चा, दो बच्चों में कम से कम तीन साल का अंतराल एवं प्रसव के बाद या गर्भपात के बाद परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों पर जोर दिया जाएगा। परिवार नियोजन सेवा सप्ताह के दौरान प्रथम रेफरल इकाइयों में नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा।
क्या है मिशन परिवार विकास अभियान
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने प्रजनन दर प्रति महिला बच्चों की संख्या में कमी, आधुनिक गर्भ निरोधों के उपयोग को बढ़ाने, गर्भनिरोधक साधनों की सामुदायिक स्तर पर पहुंच सुनिश्चित करने एवं परिवार नियोजन के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ाने के लिए उच्च प्रजनन दर की सूची में शामिल बिहार में मिशन परिवार विकास की शुरुआत की है। सैंपल रजिस्ट्रेशन सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल बिहार का कुल प्रजनन दर 3.2 है। मिशन विकास परिवार के तहत वर्ष 2025 तक बिहार के प्रजनन दर को 2.1 तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम चार चरण में संपादित किया जाएगा
मिशन परिवार विकास अभियान को चार चरण में संपादित किया जाएगा। अभियान को लेकर पूर्व योजना 9 से 13 जनवरी तक, दम्पती संपर्क सप्ताह 14 से 20 जनवरी तक, मिशन परिवार विकास अभियान के प्रथम अथवा द्वितीय दिन 14 तथा 15 जनवरी को, परिवार नियोजन सेवा सप्ताह 21 जनवरी से 31 जनवरी तक और अभियान के बाद समेकित भौतिक एवं वित्तीय प्रतिवेदन का काम संपादित किया जाएगा।
दूसरे विभागों का भी लिया जाएगा सहयोग
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आइसीडीएस, समाज कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, जीविका, महादलित विकास मिशन के साथ बैठक आयोजित की जाएगी तथा सहयोग के लिए अपील की जाएगी। प्रखंड स्तर पर आइसीडीएस, पंचायती राज विभाग, जीविका, महादलित विकास मिशन के साथ कार्यशाला आयोजित कर किया जाएगा तथा क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी एवं विकास मित्र का परिवार विकास मिशन को लेकर उन्मुखीकरण किया जाएगा। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने का सख्त निर्देश दिया गया है।