पथ निर्माण मंत्री ने कहा: बिहार में सड़कों का बिछेगा जाल, 93 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
बिहार सरकार हर क्षेत्र की सड़कों के विकास को लेकर तत्पर है तलवार भेंट कर मंत्री का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत सड़क निर्माण का हो रहा काम।
रक्सौल, जेएनएन। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव शुक्रवार को पूर्वी चंपारण के रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत आदापुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रक्सौल-छौड़ादानो कनाल पथ सहित 93 करोड़ रुपये के कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड क्षेत्र के श्यामपुर चौक पर किया गया। संबोधित करते हुए मंत्री श्री यादव ने कहा कि बिहार में सड़कों का जाल बिछा दिया जाएगा। इस दिशा में कार्य तेजी से हो रहा है।
बिहार सरकार हर क्षेत्र की सड़कों के विकास को लेकर तत्पर है। सभा को पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। मंत्री श्री यादव अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा विलंब से पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत तलवार भेंटकर व फूल माला से किया। मौके पर काफी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ मौजूद थी। पथ निर्माण मंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
अनुमंडल के कई अधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारी व पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। प्रखंड के भवनहरी गांव स्थित स्टेडियम में हेलीपैड बनाया गया था। यहां बता दें कि विभिन्न परियोजनाओं का कार्य पूरा होने के बाद इलाके में लोगों की सुविधाएं बढ़ जाएगी। काफी समय से अनुमंडल क्षेत्र के लोग सड़कों के निर्माण की बाट जोह रहे थे। 93 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखा जा रहा था।
सभी परियोजनाओं को पूरा करने के समय का निर्धारण कर दिया गया है। सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अनुमंडल के लोगों को जिला मुख्यालय सहित कई महत्वपूर्ण जगहों की दूरी तय करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही समय की भी काफी बचत होगी। पथ निर्माण मंत्री के संबोधन को सुनने के लिए लोग सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे।