Migrant Worker : होम क्वारंटाइन में भेजे गए प्रवासियों की हर दिन की जाएगी जांच, होने जा रही यह व्यवस्था
Migrant Worker पोलियो अभियान के सुपरवाइजर पर होगी जवाबदेही आज मिलेगा प्रशिक्षण। बताए जाएंगे लक्षण पहचानने के गुर।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। रेड जोन दिल्ली, सूरत, कोलकाता समेत 11 शहरों को छोड़कर अन्य जगहों से आए प्रवासियों की जांच कर सीधे होम क्वारंटाइन में रखे जाने का आदेश है। लेकिन, होम क्वारंटाइन में भी उनकी हर दिन स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके लिए पोलियो अभियान के सुपरवाइजर को जवाबदेही दी गई है। बुधवार को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डीएम ने सिविल सर्जन को दिया निर्देश
अगर किसी में संक्रमण के लक्षण मिले तो फौरन अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इसके बाद पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट कराकर इजाज कराया जाएगा। इसको लेकर मुख्यालय से डीएम व सिविल सर्जन को पत्र भेजा गया है। पत्र के आलोक में जिले में भी हर दिन होम क्वारंटाइन में रहने वालों की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है।
सिविल सर्जन प्रशिक्षण देंगे
डीएम डॉ.चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को इसके लिए निर्देशित किया गया है। आशा व सेविका का भी इसमें सहयोग लिया जाएगा। डीएम के निर्देश पर बुधवार को जांच टीम में शामिल लोगों को सिविल सर्जन द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें उन्हें बताया जाएगा कि किस तरीके से लक्षण पहचानने हैं। साथ ही कई बिंदुओं पर उन्हें रिपोर्ट भी भरनी है। इसके बारे में बताया जाएगा। सिविल सर्जन ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के सुपरवाइजर को भी इस टीम में रखा जाएगा। बता दें कि होम क्वारंटाइन वालों की जांच कर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हर दिन की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपनी है।