कुव्यवस्था के खिलाफ अनशन पर बैठे प्रवासी
काटी हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर पर रेड जोन से पहुंचे प्रवासियों को प्रखंड प्रशासन ने क्वारंटाइन किया है।
मुजफ्फरपुर : काटी हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर पर रेड जोन से पहुंचे प्रवासियों को प्रखंड प्रशासन ने क्वारंटाइन किया है। सेंटर पर व्याप्त कुव्यवस्था से खिन्न होकर रह रहे प्रवासियों ने अनशन किया। वे सेंटर पर सुविधा देने की माग कर रहे थे। उनका कहना था कि सेंटर पर साफ सफाई का अभाव है। अन्य लोगों के इस्तेमाल किए गए बिस्तर पर सोना पड़ रहा है। भोजन सही से नहीं मिलता है। मच्छरदानी समेत कोई भी सामान नहीं मिला है। सूचना पर पहुंचं सामाजिक कार्यकर्ता अनय राज ने प्रवासियों की समस्याओं से सीओ को अवगत कराया। इसके बाद सेंटर पर पहुंचे पदाधिकारियों ने अनशनकारियों को अविलंब सुविधा देने का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराया। सीओ रविंद्र भारती ने बताया कि सेंटर पर नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी प्रवासियों के बीच आवश्यक सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है। वही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णभूषण कुमार ने बताया कि पेयजल के साथ ही सेंटर को सैनिटाइज कराया गया है।
गरीबों में खाद्यान्न का वितरण : गरीब जन अधिकार पार्टी के नेता भूषण झा ने कटरा प्रखंड की शिशवारा पंचायत में गरीबों के बीच चावल, दाल, आलू, नमक, मास्क व साबुन का वितरण किया। साथ में सुधीर सिंह, अरेन्द्र राय, उपेंद्र साह आदि थे। मड़वन: प्रखंड के विभिन्न जगहों पर राजद के प्रदेश महासचिव मो.इसराईल मंसूरी ने राहत सामग्री के साथ साबुन मास्क सहित अन्य सामान का वितरण किया। उनके साथ प्रखंड अध्यक्ष बाली सहनी, रघुनाथ सहनी, अर्जुन सहनी, मो. शमीर उर्फ बबलू, मुखिया गगनदेव कुमार, उपमुखिया शिवपूजन सहनी आदि थे। मनियारी: क्षेत्र की रतनौली पंचायत में कार्यरत मनरेगा मजदूरों के बीच मास्क व साबुन का वितरण समाजसेवी सुभाष कुमार सहनी ने किया।