क्वारंटाइन केंद्रों के संचालन में कोताही पर होगी कार्रवाई
डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने रविवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रखंड व पंचायत स्तरीय क्वारंटाइन केंद्रों के संचालन के मद्देनजर समीक्षा कर कई बिंदुओं पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मुजफ्फरपुर : डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने रविवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रखंड व पंचायत स्तरीय क्वारंटाइन केंद्रों के संचालन के मद्देनजर समीक्षा कर कई बिंदुओं पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कहा कि पंचायत स्तरीय क्वारंटाइन केंद्रों के नोडल पदाधिकारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक होंगे। डीईओ को निर्देश दिया कि सभी पंचायत स्तरीय क्वारंटाइन केंद्रों में प्रतिनियुक्त किए गए शिक्षकों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी बीडीओ को प्रखंड व पंचायत स्तरीय और क्वारंटाइन केंद्रों के सतत अनुश्रवण के निर्देश दिए। कहा कि प्रखंडों को सुपर जोनल, जोनल और सेक्टरों में विभाजित करते हुए प्रतिनियुक्त किए गए पदाधिकारियों के माध्यम से उक्त केंद्रों के संचालन पर नजर रखें। किसी भी तरह की अव्यवस्था पर संबंधित पदाधिकारियों पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। डीपीओ एमडीएम को पंचायतस्तरीय केंद्रों में मध्याह्न भोजन के रसोइयों द्वारा भोजन बनाने के कार्य का सतत अनुश्रवण प्रखंड साधनसेवी के माध्यम से कराना सुनिश्चित कराने को कहा।
प्रवासियों को भी मिलेगा मुफ्त राशन : डीएम ने कहा कि क्वारंटाइन केंद्रों में रहने वाले प्रवासियों को भी मुफ्त राशन दिया जाएगा। इसके लिए सभी का निबंधन करते हुए उनका आधार नंबर एवं बैंक खाता संबंधित विवरण की इंट्री शीघ्र पूरा करने को कहा गया है। सभी अधिकारी अपने प्रखंड मुख्यालयों में ही अपना आवासन सुनिश्चित करें। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई होगी। बैठक में उपस्थित सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को कहा गया कि वे अपने प्रखंडों में चल रहे केंद्रों का सतत अनुश्रवण करते रहे। बैठक में नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, उप विकास आयुक्त उज्जवल कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता खुशबू गुप्ता के साथ सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। साथ ही प्रखंडों के पदाधिकारी वीसी से जुड़े थे।
-------