महापौर ने की विकास को लेकर समीक्षा बैठक, तेज होगी विकास की गति
शहर के विकास की गति को तेज किया जाएगा।
मुजफ्फरपुर। शहर के विकास की गति को तेज किया जाएगा। विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने की कवायद तत्परता से पूरी की जाएगी। लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाएगा। समय पर काम पूरा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मोहर्रम पर शहर की विशेष साफ-सफाई की जाएगी। पेयजल की नियमित आपूर्ति की जाएगी। इस आशय का निर्णय बुधवार को निगम कार्यालय में महापौर सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विकास शाखा एवं मोहर्रम पर शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में एक दर्जन पार्षदों एवं संबंधित शाखा के प्रभारियों ने भाग लिया।
मिनी पंप के परिचालन को सात कर्मियों की नियुक्त का निर्देश
अब मिनी पंप के परिचालन को भी नगर निगम कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। महापौर सुरेश कुमार ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर निगम में लग रहे मिनी पंपों के परिचालन के लिए पूर्व में हटाए गए सात दैनिक कर्मियों को फिर से रखने का निर्देश नगर आयुक्त को दी है। नगर आयुक्त को लिखे गए पत्र में महापौर ने कहा है कि संविदा पर सात कर्मियों ने मई 2016 से अक्टूबर 2016 तक बोर्ड के आदेश पर काम किया था लेकिन बाद में उनको हटा दिया गया और उनके पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया गया। महापौर ने उनके बकाया पारिश्रमिक के भुगतान व फिर से संविदा पर बहाल करने का निर्देश दिया है।
बैरिया रैन बसेरा के पास होगा सार्वजनिक शौचालय निर्माण
बैरिया रैन बसेरा के पास नगर निगम सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होगा ताकि यात्रियों के साथ-साथ ऑटो चालकों को भी शौच के लिए भटकना नहीं पड़े। आटो संघ के अनुरोध पर महापौर सुरेश कुमार ने नगर आयुक्त संजय दुबे को पत्र लिखकर वहां सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का आदेश दिया है।
निगम कार्यालय में जनता दरबार लगाने को लिखा पत्र
उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला ने महापौर सुरेश कुमार को पत्र लिखकर निगम कार्यालय में शुक्रवार को जनता दरबार लगाने की मांग की है। उपमहापौर ने अपने पत्र में कहा है कि एक दिन जनता दरबार लगने के बाद रुक गया। इसे फिर से शुरु किया जाए ताकि शहरवासियों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जा सके।